ग़ाज़ियाबाद

तिरंगे के रंग में रंगेगा गाजियाबाद, हर घर तिरंगा अभियान को लेकर प्रशासन ने कसी कमर-जिलेभर में भव्य तिरंगा रैलियां, वंदे मातरम के साथ उमड़ेगा देशभक्ति का सैलाब

गाजियाबाद। हर घर तिरंगा अभियान-2026 को जनपद में व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ की अध्यक्षता में हुई बैठक में अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कार्यक्रमवार जिम्मेदारियां सौंपते हुए अभियान को भव्य और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्य सचिव के दिशा-निर्देशों के क्रम में जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना से जोडऩे के साथ अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। इसके लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। अभियान के तहत जिले में बड़े स्तर पर तिरंगा रैलियां निकाली जाएंगी। इनमें विद्यार्थी, युवा, सरकारी अधिकारी-कर्मचारी, सशस्त्र बलों के सदस्य, महिला स्वयं सहायता समूह और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तिरंगा लेकर शामिल होंगे। रैलियों की शुरुआत सामूहिक वंदे मातरम गायन से होगी। अधिकारियों को रैली मार्ग, प्रतिभागियों के पंजीकरण, स्वतंत्र सत्यापन, सुरक्षा और अनुशासन की पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के दौरान विभिन्न युद्धों में शहीद हुए जनपद के सैनिकों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रमों में तिरंगा गान, देशभक्ति गीत, सामूहिक वंदे मातरम गायन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित होंगी। इसके जरिए नई पीढ़ी को देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों की गौरवगाथा से जोडऩे का प्रयास किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक घर, कार्यालय, सार्वजनिक उपक्रम और अन्य संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए पर्याप्त संख्या में तिरंगों की उपलब्धता और वितरण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसकी जिम्मेदारी नगर निगम, खंड विकास अधिकारियों, नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों सहित संबंधित कार्यालयाध्यक्षों को सौंपी गई है। जिले के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, शॉपिंग मॉल, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और सार्वजनिक उद्यानों में तिरंगा प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। सरकारी भवनों, अस्पतालों, विद्यालयों, बाजारों और प्रमुख चौराहों पर तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा और अलंकरण भी कराया जाएगा। विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों को परिसर की दीवारों पर तिरंगा प्रेरित कलाकृतियां, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के चित्र और वंदे मातरम के अंश अंकित कराने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। हर घर तिरंगा अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों की वेबसाइट व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से किया जाएगा। सरकारी कर्मचारियों और आमजन को ‘सेल्फी विद तिरंगाÓ अभियान में भाग लेने तथा अपनी तस्वीरें हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य हर घर तिरंगा अभियान को गाजियाबाद में राष्ट्रभक्ति, एकता और जनभागीदारी के भव्य उत्सव के रूप में आयोजित करना है। सभी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और समन्वय के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में एडीएम सिटी विकास कश्यप, एडीएम प्रशासन ज्योति मौर्य, एडीएम वित्त एवं राजस्व अंजनी कुमार सिंह, सभी एसडीएम, अपर नगरायुक्त जंग बहादुर यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा, बीएसए ओपी यादव, नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button