शहर-राज्य

हजारा थाने में अचानक पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

मेस से लेकर बैरक, मालखाना और हवालात तक खंगाला परिसर, थानाध्यक्ष को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

वेलकम इंडिया पीलीभीत
हजारा/पीलीभीत। अपर पुलिस अधीक्षक हिमांशु गौरव ने शुक्रवार को हजारा थाने का औचक निरीक्षण कर पुलिस कर्मियों की व्यवस्थाओं और थाना परिसर की स्थिति का जायजा लिया। अचानक हुए निरीक्षण से पुलिसकर्मियों में हलचल रही। अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर में पहुंचते ही विभिन्न व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा और संबंधित पुलिसकर्मियों से जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने सबसे पहले थाना परिसर का जायजा लिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों के लिए संचालित मेस और आरक्षियों के बैरकों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां साफ-सफाई, व्यवस्थाओं और पुलिस कर्मियों को उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति देखी। इसके बाद थाने के मालखाने का निरीक्षण करते हुए अभिलेखों और रखे सामान की स्थिति की जानकारी ली।अपर पुलिस अधीक्षक ने हवालात का भी मौका मुआयना किया और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को परखा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का भी जायजा लिया। उन्होंने थानाध्यक्ष शरद यादव से थाना क्षेत्र की कानून- व्यवस्था, लंबित मामलों और पुलिसिंग से संबंधित जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।अपर पुलिस अधीक्षक हिमांशु गौरव ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि थाना परिसर में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखा जाए। साथ ही अभिलेखों का रखरखाव व्यवस्थित रखने, शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने और कानून-व्यवस्था को लेकर सतर्क रहने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक थाना परिसर की व्यवस्थाओं से संतुष्ट दिखाई दिए।

अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भी परखी सुरक्षा व्यवस्था

थाने के निरीक्षण के बाद अपर पुलिस अधीक्षक हिमांशु गौरव ने हजारा थानाध्यक्ष शरद यादव के साथ भारत-नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र का भी जायजा लिया। सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस की निगरानी और आने-जाने वाले मार्गों की स्थिति के बारे में जानकारी ली गई।सीमा क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को लगातार सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त और निगरानी को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।औचक निरीक्षण और सीमा क्षेत्र के जायजे के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा को लेकर भी किसी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। थानाध्यक्ष शरद यादव समेत पुलिसकर्मी निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button