शहर-राज्य

कजरी निरंजनपुर गौशाला में पकड़ा गया तेंदुआ, वन विभाग ने किया सफल रेस्क्यू

वेलकम इंडिया पीलीभीत
पूरनपुर/पीलीभीत। कजरी निरंजनपुर स्थित गौशाला में बुधवार को तेंदुआ दिखाई देने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गौशाला में तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और कर्मचारियों में दहशत फैल गई। सूचना पर वन विभाग की खुटार रेंज की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू अभियान खुटार रेंज के क्षेत्रीय वन अधिकारी (आरएफओ) दिनेश बडोला के नेतृत्व में चलाया गया। वन विभाग की टीम ने पूरी सावधानी के साथ रणनीति तैयार कर तेंदुए को घेरने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद टीम तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने में सफल रही। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद गौशाला कर्मियों और आसपास के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
रेस्क्यू टीम में बीट प्रभारी दीपक कुमार, वन रक्षक प्रियंका, अमनदीप, योगिंदर और आशीष शुक्ला शामिल रहे। इसके अलावा सेक्शन प्रभारी अनिल कुमार वर्मा तथा न्यूनतम वेतन कर्मचारी सुभाष, गोविंद, बाहोरन, आलोक और रामपाल समेत अन्य कर्मचारियों ने अभियान में सहयोग किया।
अभियान के दौरान वन विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए आसपास मौजूद लोगों को मौके से दूर रखा। कर्मचारियों ने किसी भी तरह की अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए लोगों को तेंदुए के पास नहीं जाने दिया। टीम ने काफी सतर्कता के साथ रेस्क्यू प्रक्रिया पूरी की।
सफलतापूर्वक पकड़े जाने के बाद वन विभाग की टीम तेंदुए को अपने साथ ले गई। तेंदुए के रेस्क्यू होने से कजरी निरंजनपुर क्षेत्र में बनी दहशत काफी हद तक कम हो गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम द्वारा समय रहते कार्रवाई किए जाने पर राहत जताई। गौशाला में तेंदुए की मौजूदगी से कुछ समय के लिए पशुओं और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई थी, लेकिन तेंदुए के सुरक्षित पकड़े जाने के बाद स्थिति सामान्य हो गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button