शहर-राज्य
6 लाख की लूट की सूचना निकली फर्जी, एजेंट ने साथी संग रची थी साजिश

मथुरा। राया थाना क्षेत्र में 6 लाख रुपये की लूट की झूठी सूचना देकर रकम हड़पने की साजिश का पुलिस ने खुलासा किया है। थाना राया पुलिस, एसओजी, स्वॉट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में अलीगढ़ निवासी कुलदीप सिंह और अजीत को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों ने आपस में मिलकर 6 लाख रुपये हड़पने की योजना बनाई थी। बैंक से 3-3 लाख रुपये निकालने के बाद रकम साथी को सौंप दी गई। इसके बाद मोटरसाइकिल का अगला हिस्सा तोड़कर हाईवे पर लूट की झूठी कहानी तैयार की गई और डायल 112 पर लूट की सूचना दी गई।
पुलिस टीम ने ग्राम हरोथा के बाहर सरकारी स्कूल के पार्क के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर लूटी गई बताई गई पूरी 6 लाख रुपये की रकम बरामद कर ली। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



