शारदीय नवरात्र, दुर्गा पूजा और दशहरा के दृष्टिगत थाना दुधारा परिसर में पीस कमेटी की बैठक का किया गया आयोजन

संतकबीरनगर।
आगामी पावन पर्वों शरदीय नवरात्र, दुर्गा पूजा एवं विजय दशमी (दशहरा) को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को थाना दुधारा पर थानाध्यक्ष अमित एक महत्वपूर्ण पीस कमेटी की बैठक (गोष्ठी) का आयोजन किया गया। बैठक में थाना क्षेत्र के सम्मानित संभ्रान्त व्यक्तियों, दुर्गा प्रतिमा स्थापना समितियों के पदाधिकारियों तथा डी.जे. संचालकों ने हिस्सा लिया। इस गोष्ठी के दौरान थाना दुधारा के वरिष्ठ उप-निरीक्षक श्री हरिकेश भारती, हल्का प्रभारीगण तथा थाने के अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
थानाध्यक्ष अमित कुमार कुशवाहा ने बताया कि सभी पूजा समितियों और आयोजकों से अनुरोध किया गया कि वे पंडालों में शासन एवं प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइंस का पूरी तरह पालन करें। किसी भी प्रकार की नई परंपरा की शुरुआत न की जाए, सभी दुर्गा पंडालों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और आग बुझाने वाले आवश्यक यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर आदि) अनिवार्य रूप से उपलब्ध रखने, माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करते हुए निर्धारित डेसिबल सीमा के भीतर ही डी.जे. एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग करने, सभी आयोजकों से अपील की गई कि वे आपसी भाईचारा, सौहार्द और शांति बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने, पंडालों में स्वयंसेवकों की तैनाती और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने, मेलों और पंडालों के आसपास उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल के साथ-साथ स्थानीय समितियों के सहयोग पर बल दिया गया, विसर्जन के तय मार्गों और समय-सारणी का कड़ाई से पालन करने तथा जुलूस के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रखने के निर्देश दिये गये। उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली खबरों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ पोस्ट मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें, खुद उस पर प्रतिक्रिया न दें।
आसपास पर्याप्त रोशनी, स्वयंसेवकों (वॉलंटियर्स) की तैनाती और संभव हो तो सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया ताकि असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा सके।



