ग़ाज़ियाबाद

शालीमार गार्डन में सजेगी डांडिया की महफिल, 24 अक्टूबर को गरबा की धूम 

गाजियाबाद। शालीमार गार्डन में नवरात्रि उत्सव के रंग और डांडिया की धूम एक बार फिर देखने को मिलेगी। राष्ट्रीय व्यापार मंडल की ओर से 24 अक्टूबर को आयोजित होने वाली द्वितीय भव्य डांडिया नाइट एवं नवरात्रि उत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर सोमवार को संगठन के कार्यालय पर बैठक हुई। अध्यक्ष शैलेन्द्र सक्सेना की अध्यक्षता में हुई बैठक में कार्यक्रम को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सामूहिक रूप से जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। डांडिया नाइट का आयोजन 24 अक्टूबर, शनिवार को शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-2 के बी-ब्लॉक स्थित चंद्रशेखर पार्क में शाम छह बजे दीप प्रज्वलन के साथ किया जाएगा। पिछले वर्ष मिले जनसमर्थन को देखते हुए इस बार भी आयोजन को आकर्षक बनाने की तैयारी है। कार्यक्रम में डांडिया और गरबा के साथ खान-पान तथा खरीदारी के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। बेस्ट ड्रेस, बेस्ट डांस, बेस्ट कपल और सांत्वना पुरस्कार प्रतियोगिता के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।बैठक में पार्षद श्याम शर्मा और राष्ट्रीय व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक भारतीय विशेष रूप से मौजूद रहे। पदाधिकारियों को स्वागत समिति, मंच, ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था, स्टॉल, पार्क प्रबंधन, पुरस्कार और प्रचार-प्रसार सहित अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। कार्यक्रम से पहले 23 अक्टूबर को अंतिम पूर्वाभ्यास भी किया जाएगा। प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक भारतीय ने कहा कि राष्ट्रीय व्यापार मंडल अब केवल व्यापारियों का संगठन नहीं, बल्कि एक परिवार बन चुका है। शालीमार गार्डन में सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डांडिया नाइट महिलाओं और परिवारों को सुरक्षित सांस्कृतिक मंच उपलब्ध कराने का अवसर है, जहां वे अपनी प्रतिभा दिखा सकें। पार्षद श्याम शर्मा ने आयोजन को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से क्षेत्र में आपसी भाईचारा और उत्साह बढ़ता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से 24 अक्टूबर को सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। अध्यक्ष शैलेन्द्र सक्सेना ने कहा कि पिछले वर्ष के उत्साहजनक समर्थन के बाद इस बार आयोजन को और भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है। सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं, ताकि अतिथि सत्कार से लेकर मंच, सुरक्षा और स्टॉल व्यवस्था तक सभी इंतजाम सुचारु रहें। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश नि:शुल्क रहेगा, लेकिन भारतीय पारंपरिक परिधान पहनना अनिवार्य होगा।
बैठक में सुमित खुराना, हरीश गॉड, निशा चौहान, सुमन सती, शैंकी बोहरा, विपिन, सतीश राजपूत, नितिन बंसल, शरद स्वरूप और सौरभ सक्सेना सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी ने मिलकर डांडिया नाइट-2026 को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button