आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार वाहनों पर ट्रैफिक पुलिस का शिकंजा, सघन चेकिंग अभियान से मचा हड़कंप
आगरा से ब्यूरो चीफ मयूर खान
आगरा में यातायात माह-2026 के तहत आगरा ट्रैफिक पुलिस ने तेज रफ्तार वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को डीसीपी ट्रैफिक ज्ञानेन्द्र नाथ प्रसाद के निर्देशन में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर विशेष सघन प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इस दौरान निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन कर वाहन दौड़ाने वाले चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने शिकंजा कसा।
अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के चालान किए गए और उनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई। ट्रैफिक पुलिस की ओर से वाहन चालकों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार और लापरवाही किसी बड़े हादसे की वजह बन सकती है।
डीसीपी ट्रैफिक ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, तेज गति से वाहन चलाने से बचने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। पुलिस ने कहा कि सुरक्षित यात्रा केवल नियमों का पालन करने से ही संभव है। स्वयं की जिंदगी के साथ सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों की सुरक्षा भी प्रत्येक चालक की जिम्मेदारी है।




