ग़ाज़ियाबाद

धूल पर नगर निगम का डबल अटैक, सड़कों की सफाई के साथ हो रही पानी से धुलाई, पांचों जोन में अभियान तेज

गाजियाबाद। शहर की बिगड़ती वायु गुणवत्ता को सुधारने और सड़कों से उडऩे वाली धूल पर लगाम लगाने के लिए नगर निगम ने सफाई अभियान तेज कर दिया है। प्रदूषण की रोकथाम के लिए अब केवल पानी का छिड़काव ही नहीं, बल्कि सड़कों पर जमी धूल को हटाने और प्रमुख मार्गों की धुलाई कराने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। नगर निगम की ओर से पांचों जोन में रोस्टर के अनुसार धूल मुक्त अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए आधुनिक मशीनों, वाटर स्प्रिंकलर, लोडर और सफाई मित्रों की मदद ली जा रही है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संबंधित विभागों को अभियान में तेजी लाने और नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। नगर आयुक्त के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग और निर्माण विभाग को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोडर और सफाई मित्रों के माध्यम से सड़कों के किनारे तथा मुख्य मार्गों पर जमा धूल हटाई जा रही है। सड़कों की नियमित सफाई कर धूल को उठाया जा रहा है, ताकि वाहनों की आवाजाही के दौरान यह दोबारा हवा में न उड़े। वहीं आधुनिक उपकरणों के माध्यम से पानी का छिड़काव कर सड़कों को साफ और धूल मुक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। नगर निगम द्वारा शहर के सभी पांचों जोन में निर्धारित रोस्टर के अनुसार अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य मार्गों के साथ उन स्थानों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जहां धूल जमा होने और वाहनों की आवाजाही के कारण प्रदूषण बढऩे की आशंका रहती है। वाटर स्प्रिंकलर के माध्यम से प्रतिदिन सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। इसके साथ ही सड़कों की धुलाई भी कराई जा रही है, जिससे जमा धूल को हटाने में मदद मिल सके। निर्माण विभाग को निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट (सीएंडडी वेस्ट) के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्माण स्थलों और सड़कों के आसपास खुले में पड़े मलबे तथा निर्माण सामग्री से उडऩे वाली धूल को रोकने के लिए भी कार्रवाई की जा रही है। निगम का प्रयास है कि सफाई, पानी के छिड़काव और निर्माण अपशिष्ट के निस्तारण की कार्रवाई एक साथ चलाकर वायु गुणवत्ता में सुधार किया जाए। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शहरवासियों से भी प्रदूषण नियंत्रण अभियान में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वायु गुणवत्ता में सुधार केवल नगर निगम के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें आम नागरिकों की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। शहरवासी अपने घरों और प्रतिष्ठानों के आसपास पानी का छिड़काव करें, ताकि धूल हवा में न उड़े। निर्माण सामग्री और मलबे को खुले में न छोड़ें तथा आसपास साफ-सफाई बनाए रखें। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि अभियान को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए, बल्कि नियमित रूप से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। नगर निगम की ओर से वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। निगम का लक्ष्य सड़कों से धूल हटाने, पानी के नियमित छिड़काव और निर्माण अपशिष्ट पर नियंत्रण के जरिए शहर में प्रदूषण के स्तर को कम करने में योगदान देना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button