सफाई मजदूर संगठनों के प्रतिनिधियों से वार्ता के बाद बनी सहमति, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को मिलेंगी अवकाश सहित अन्य सुविधाएं

राजीव मोंगरा
वेलकम इंडिया
सहारनपुर। नगर निगम में सफाई व्यवस्था और आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ, अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ तथा अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के प्रतिनिधियों के साथ हुई वार्ता के बाद कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बनी है। सहमति के अनुसार नगर निगम के सभी 58 वार्डों में सफाई व्यवस्था को पहले की तरह संचालित करने के लिए स्थायी एवं कार्यवाहक सफाई नायकों की नियुक्ति की जाएगी। साथ ही कर्मचारियों की उपस्थिति, अवकाश और स्थानांतरण से संबंधित व्यवस्थाओं में भी बदलाव किया जाएगा।
वार्ता में तय किया गया कि आउटसोर्सिंग सेवा नियम के तहत सभी आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों की आपूर्ति नगर निगम द्वारा आरआर कंपनी और सुकमा कंपनी के माध्यम से की जाएगी। सभी 58 वार्डों में नगर निगम के स्थायी सफाई नायक अथवा कार्यवाहक सफाई नायक नियुक्त किए जाएंगे। ये सफाई नायक नगर निगम के पूर्व से संचालित मस्टर रोल में आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों और वाहन चालकों की उपस्थिति दर्ज कराते हुए वार्डों की सफाई व्यवस्था का संचालन पहले की तरह करेंगे। कंपनी के टीम लीडर सफाई नायकों का सहयोग करेंगे। कर्मचारियों की उपस्थिति का मस्टर रोल क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक एवं मुख्य सफाई निरीक्षक द्वारा माह के अंत में पूर्व की भांति सत्यापित किया जाएगा।
सहमति के अनुसार आउटसोर्सिंग सेवा नियमों का पालन करते हुए सफाई कर्मचारियों और वाहन चालकों को साप्ताहिक अवकाश, प्रसूति अवकाश सहित अन्य अनुमन्य अवकाश की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। स्थायी, संविदा और आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों को उनकी मांग के अनुसार उनके निवास के निकटतम वार्ड में स्थानांतरित करने की व्यवस्था भी की जाएगी।
इसके अलावा तय किया गया कि लापरवाही बरतने वाले किसी भी आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारी को हटाने से पहले तीन बार नोटिस दिया जाएगा। इसके बाद एक नोटिस डाक के माध्यम से भेजा जाएगा। नगर स्वास्थ्य अधिकारी की सहमति मिलने के बाद ही संबंधित कर्मचारी को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं कर्मचारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने पर भी सहमति बनी है।
वार्ता में बनी इन सहमतियों को सफाई कर्मचारियों के हितों और नगर निगम की सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



