24 हजार रुपये न्यूनतम मानदेय की मांग को लेकर ग्राम रोजगार सेवकों का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

चार सूत्रीय मांगों को लेकर 30 नवंबर तक कार्य बहिष्कार जारी, कैशलेस इलाज और एचआर पॉलिसी लागू करने की भी उठाई आवाज
मुरादाबाद। न्यूनतम मानदेय 24 हजार रुपये किए जाने समेत चार सूत्रीय मांगों को लेकर शुक्रवार को ग्राम रोजगार सेवकों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्राम रोजगार सेवक संघ जनपद मुरादाबाद के पदाधिकारियों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की और जिलाधिकारी कार्यालय में प्रतिनिधि के रूप में मौजूद एडीएम सिटी अंकुर श्रीवास्तव के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह ने बताया कि संगठन के प्रांतीय आह्वान पर 21 नवंबर से 30 नवंबर तक कार्य बहिष्कार किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर सरकार तक अपनी मांगें पहुंचाने के लिए ज्ञापन दिया गया। उन्होंने कहा कि ग्राम रोजगार सेवक लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई कि ग्राम रोजगार सेवकों का न्यूनतम मानदेय बढ़ाकर 24 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए और इसके भुगतान के लिए पृथक बजट की व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही रोजगार सेवकों और उनके परिवारों को कैशलेस इलाज की सुविधा प्रदान की जाए। संगठन ने लंबे समय से लंबित एचआर पॉलिसी को भी तत्काल लागू करने की मांग उठाई। पदाधिकारियों का कहना है कि इस पॉलिसी को लेकर करीब पांच वर्षों से प्रक्रिया चल रही है, लेकिन अभी तक इसे लागू नहीं किया गया है।
इसके अलावा ग्रामीण विकास विभाग के सभी कार्यों को ग्राम रोजगार सेवकों के जॉब चार्ट में शामिल करने तथा उनके पदनाम में बदलाव कर ‘ग्राम रोजगार सह ग्राम विकास सहायक’ किए जाने की मांग भी रखी गई।
प्रदर्शन के दौरान जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह के अलावा मोहनलाल, छत्रपाल सिंह, मोहम्मद अयूब, सत्येंद्र सिंह, प्रेम सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्राम रोजगार सेवक मौजूद रहे।



