न्यूनतम 24 हजार रुपये मानदेय और कैशलेस इलाज की मांग को लेकर ग्राम रोजगार सेवकों ने सौंपा ज्ञापन

राजीव मोंगरा
वेलकम इंडिया
सहारनपुर। न्यूनतम 24 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय, कैशलेस चिकित्सा सुविधा और एचआर पॉलिसी लागू करने सहित चार सूत्रीय मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ की जिला इकाई सहारनपुर के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने शुक्रवार को जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ग्राम रोजगार सेवकों ने अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए मांगों का शीघ्र निस्तारण किए जाने की अपील की।
ज्ञापन में कहा गया कि ग्राम रोजगार सेवक पिछले 20 वर्षों से ग्राम पंचायतों में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को गांवों तक पहुंचाने के साथ ही मनरेगा (वीबी-जीआरएएमजी) के अंतर्गत ग्रामीण श्रमिकों को गांव में ही रोजगार उपलब्ध कराने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके बावजूद लंबे समय से कार्य करने के बाद भी ग्राम रोजगार सेवक मूलभूत सुविधाओं और सम्मानजनक मानदेय से वंचित हैं।
संघ की ओर से मांग की गई कि ग्राम रोजगार सेवकों का न्यूनतम मानदेय बढ़ाकर 24 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए तथा इसके नियमित भुगतान के लिए पृथक बजट की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा ग्राम रोजगार सेवकों और उनके परिवार के सदस्यों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द एचआर पॉलिसी लागू की जाए। साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम्य विकास विभाग के सभी कार्यों को उनके कार्यक्षेत्र में शामिल करते हुए पदनाम बदलकर ‘ग्राम विकास सहायक’ किया जाए।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि ग्राम रोजगार सेवक लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्षरत हैं। सरकार को उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए मांगों का शीघ्र समाधान करना चाहिए, ताकि वे और अधिक उत्साह एवं जिम्मेदारी के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति दे सकें।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष घनश्याम सिंह राणा, प्रदेश सचिव एवं जिला संरक्षक जितेंद्र चौधरी, जिला महामंत्री नीटू चौधरी, जिला उपाध्यक्ष सतीश कुमार कश्यप, जिला संरक्षक रविंद्र राणा सहित सरसावा, नागल, नकुड़, बलियाखेड़ी और देवबंद आदि ब्लॉकों के अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में ग्राम रोजगार सेवक मौजूद रहे।



