एसएसआर-2027 के तहत सभी मतदान केंद्रों पर तैनात रहेंगे बीएलओ, नाम जोडऩे और संशोधन का होगा काम

गाजियाबाद। मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर-2027) के तहत जनपद में 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के साथ ही नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन एवं सत्यापन का कार्य किया जाएगा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने सभी निर्वाचन अधिकारियों को अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देशित किया है कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरश: पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। विशेष अभियान के दौरान खासतौर पर उन युवाओं को मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा, जिन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है। इसके अलावा ऐसे नागरिक भी अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे, जिनका नाम अभी तक सूची में दर्ज नहीं है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर निर्धारित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए आमजन को नाम जुड़वाने, विवरण में संशोधन कराने और सत्यापन की प्रक्रिया की जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन व्यवस्था की आधारशिला है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी अभियान को गंभीरता से लें और व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप निर्धारित समयसीमा में सभी कार्य पूरे किए जाएं, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी पात्र मतदाता को अपने मताधिकार से वंचित न होना पड़े।



