तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने छीनी युवा सिपाही की जिंदगी

गाजियाबाद। लोनी क्षेत्र में बंथला-चिरौड़ी मार्ग पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे में पुलिस विभाग के युवा सिपाही की मौत हो गई। थाने से बंथला चौकी ड्यूटी पर जाते समय ऑटो में आगे बैठे सिपाही सूरज को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल सिपाही को पुलिस ने तत्काल कौशांबी स्थित अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। मूल रूप से आगरा के ग्राम गढ़ी ठाकुरदास निवासी 24 वर्षीय सूरज वर्ष 2025 बैच के सिपाही थे। ट्रेनिंग पूरी करने के बाद उनकी पहली तैनाती लोनी थाने में हुई थी। वर्तमान में वह बंथला चौकी पर तैनात थे। महज कुछ समय पहले पुलिस सेवा में कदम रखने वाले सूरज की सड़क हादसे में हुई मौत से उनके परिजनों और साथी पुलिसकर्मियों में गहरा दुख है। एसीपी लोनी रामकिशन के मुताबिक मंगलवार दोपहर करीब 4:30 बजे सिपाही सूरज लोनी थाना से बंथला चौकी जाने के लिए ऑटो में आगे की सीट पर बैठे थे। ऑटो जैसे ही बंथला-चिरौड़ी मार्ग पर बालाजी नेत्रालय के पास पहुंचा, उसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सिपाही सूरज के दाएं पैर की जांघ की हड्डी टूट गई और वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल सिपाही को उपचार के लिए कौशांबी स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उपचार शुरू किया, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस के अनुसार दुर्घटना को अंजाम देने के बाद ट्रैक्टर-ट्राली का चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का प्रयास है कि फुटेज के आधार पर दुर्घटना करने वाले वाहन की पहचान कर आरोपी चालक तक जल्द पहुंचा जा सके। एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस टीम आरोपी वाहन चालक की तलाश में जुटी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा। सूरज वर्ष 2025 बैच में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। ट्रेनिंग पूरी करने के बाद लोनी थाने में उनकी पहली तैनाती हुई थी। युवा उम्र में पुलिस सेवा में आए सूरज के सामने अपने करियर को आगे बढ़ाने और परिवार का सहारा बनने के कई सपने थे, लेकिन सड़क हादसे ने उनके जीवन का सफर असमय खत्म कर दिया। साथी पुलिसकर्मियों के लिए भी यह घटना बेहद दुखद रही, क्योंकि ड्यूटी के दौरान ही उनके साथी की जान चली गई। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि हादसे के लिए जिम्मेदार चालक को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


