शहर-राज्य

प्रेम प्रसंग में हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक, दो घंटे तक मची अफरा-तफरी!

सेमरियावां के मोहम्मदगढ़ गांव में सुबह 5 बजे 2.20 लाख वोल्ट के टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस की मान-मनौव्वल के बाद सुबह 8 बजे सुरक्षित नीचे उतरा

संतकबीरनगर। सेमरियावां ब्लॉक के मोहम्मदगढ़ गांव में सोमवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रेम प्रसंग के मामले में एक युवक गांव के भट्ठे के पूरब स्थित 2.20 लाख वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के टावर पर चढ़ गया। सुबह-सुबह टावर पर युवक को चढ़ा देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर दुधारा पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को नीचे उतारने के प्रयास में जुट गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मोहम्मदगढ़ निवासी पवन चौहान (22) पुत्र विक्रम चौहान सोमवार सुबह करीब 5 बजे टावर पर चढ़ गया था। सुबह शौच के लिए निकले लोगों की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सुबह करीब 6 बजे सूचना मिलने पर दुधारा थानाध्यक्ष अमित कुमार कुशवाहा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

बताया जा रहा है कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा था। पुलिस ने युवक को समझाने-बुझाने के साथ मान-मनौव्वल की और शादी कराने के संबंध में भी आश्वासन देकर उसे नीचे उतरने के लिए राजी किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सुबह लगभग 8 बजे युवक टावर से नीचे उतर आया।

युवक के नीचे उतरने के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। हाईटेंशन टावर पर चढ़ने की इस घटना से सुबह के समय गांव में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button