ट्रांस हिंडन में 585 करोड़ से 2010 काम, छह माह में बदलेगी शहर की सूरत-निर्माण, उद्यान और जलकल विभाग के माध्यम से सड़क, फुटपाथ, पार्क और बुनियादी सुविधाओं पर काम

गाजियाबाद। साहिबाबाद विधानसभा के ट्रांस हिंडन क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर नगर निगम ने बड़े स्तर पर काम कराने का दावा किया है। महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त के नेतृत्व में वर्ष 2023-24 से 2025-26 तक उपलब्ध कराए गए रिकॉर्ड के अनुसार, मोहन नगर, वसुंधरा और इंदिरापुरम क्षेत्रों में निर्माण, उद्यान और जलकल विभाग के माध्यम से कुल 2010 कार्य कराए गए हैं। इनकी लागत करीब 585 करोड़ रुपये बताई गई है। महापौर का कहना है कि स्थानीय पार्षदों और जनता की मांग के आधार पर कराए जा रहे इन कार्यों से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएं बेहतर होंगी। आने वाले छह माह में शहर को और साफ-सुथरा व सुंदर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। नगर निगम के विवरण के अनुसार, वसुंधरा जोन और इंदिरापुरम क्षेत्र में करीब 320 करोड़ रुपये की लागत से 932 कार्य कराए गए हैं। इनमें भोवापुर, प्रहलादगढ़ी, साहिबाबाद, झंडापुर, महाराजपुर, कड़कड़ मॉडल, वसुंधरा, मकनपुर, बृज विहार, कौशांबी, वैशाली, अभय खंड, शक्ति खंड, ज्ञान खंड, सूर्य नगर, रामप्रस्था, अहिंसा खंड, वैभव खंड और शिप्रा सनसिटी सहित विभिन्न वार्ड शामिल हैं। निगम के अनुसार, इन क्षेत्रों में सड़कों और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अलग-अलग परियोजनाओं पर काम किया गया है। इसके अतिरिक्त विभिन्न वार्डों के विभागीय कार्यों और मुख्य मार्गों से जुड़े 72 कार्यों पर करीब 132 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। मोहन नगर जोन में नगर निगम के रिकॉर्ड के अनुसार करीब 265 करोड़ रुपये की लागत से 1078 कार्य कराए गए हैं। इनमें गगन विहार, डीएलएफ कॉलोनी, भोपुरा, राजीव कॉलोनी, कुटी, डिफेंस कॉलोनी, शहीद नगर, शालीमार गार्डन, अर्थला, संजय कॉलोनी, करहेड़ा, श्याम पार्क, पसोंडा, गरिमा गार्डन, मौसम विहार, जनकपुरी, राजेंद्र नगर, जवाहर पार्क और लाजपत नगर समेत विभिन्न इलाकों में काम शामिल हैं। जोन के विभिन्न वार्डों में विभागीय कार्यों और मुख्य मार्गों से जुड़े 74 कार्यों पर करीब 62.95 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का विवरण दिया गया है। इन कार्यों का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर सड़क और अन्य नागरिक सुविधाओं में सुधार करना है। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि शहर में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन को श्रेय देते हुए कहा कि स्थानीय जनता और पार्षदों की मांग पर विभिन्न क्षेत्रों में काम कराए गए हैं, ताकि लोगों को जरूरी सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने बताया कि मुख्य मार्गों पर डिवाइडर और फुटपाथ बनाने के साथ पार्कों के सौंदर्यीकरण पर भी काम किया जा रहा है। नगर निगम का लक्ष्य आने वाले छह माह में शहर को अधिक स्वच्छ और सुंदर बनाना है। महापौर ने कहा कि आगे भी इसी तरह विकास कार्य जारी रहेंगे, जिससे ट्रांस हिंडन सहित पूरे शहर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सके। नगर निगम के अनुसार, इन परियोजनाओं में सड़क निर्माण और मरम्मत के साथ उद्यान तथा जलकल विभाग से जुड़े कार्य भी शामिल हैं। निगम का जोर क्षेत्रवार जरूरतों के मुताबिक विकास कराने और शहर की साफ-सफाई तथा सुंदरता में सुधार करने पर है।


