इंदिरापुरम अपार्टमेंट में सिलेंडर धमाके से भीषण आग

गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित नीति खंड-2 में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक अपार्टमेंट में अचानक भीषण आग लग गई। आग की शुरुआत बिल्डिंग के बेसमेंट से हुई और कुछ ही देर में लपटें तेजी से फैलते हुए तीसरी मंजिल तक पहुंच गईं। घना धुआं पूरे भवन में भर जाने से लोगों में दहशत फैल गई और निवासी अपनी जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागने लगे। घटना नीति खंड-2 स्थित बिल्डिंग संख्या 495 बैकुंठम की है, जहां दोपहर करीब दो बजे अचानक तेज धमाके के साथ आग लग गई। जानकारी के अनुसार बेसमेंट में रखे दो छोटे और एक बड़े घरेलू गैस सिलिंडर में लीकेज के बाद विस्फोट हुआ, जिसके चलते आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते आग ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया और ऊपर की मंजिलों में रहने वाले लोग अंदर ही फंस गए। बिल्डिंग के प्रथम तल पर प्रदीप अग्रवाल, दूसरे तल पर अनुराग द्विवेदी और तीसरे तल पर जेपी गुप्ता का परिवार रहता है, जबकि ग्राउंड फ्लोर पर इन परिवारों के घरेलू सहायक रहते हैं। हादसे के समय प्रथम तल पर तीन बच्चे और दूसरे तल पर दो बुजुर्ग समेत कुल चार लोग अंदर फंस गए थे। आग और धुएं की वजह से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था, जिससे स्थिति बेहद गंभीर बन गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दो दमकल गाडिय़ों की मदद से आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। दमकलकर्मियों ने साहस और सूझबूझ दिखाते हुए बिल्डिंग के अंदर लगे लोहे के जाल को तोड़कर फंसे लोगों तक पहुंच बनाई और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीम ने आसपास की इमारतों को भी एहतियातन खाली करवा दिया ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गैस सिलिंडर में लीकेज के बाद हुए विस्फोट के कारण आग लगी। हालांकि घटना की विस्तृत जांच अभी जारी है ताकि सभी सुरक्षा पहलुओं की पुष्टि की जा सके। घटना के बाद अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों के बीच भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बेसमेंट में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था और गैस सिलिंडरों के सुरक्षित भंडारण को लेकर भी लापरवाही बरती जा रही थी। इस घटना ने बहुमंजिला इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल दमकल विभाग और पुलिस टीम पूरे क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि गैस सिलिंडर और विद्युत उपकरणों के उपयोग में सावधानी बरतें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते हादसों को रोका जा सके।


