बरेली में खंडहर के भीतर चल रही थी अवैध असलहा फैक्ट्री, पाकिस्तानी हैंडलर से संपर्क का खुलासा; चार गिरफ्तार, दो फरार

बरेली। बरेली के बहेड़ी में पुलिस ने अवैध हथियारों के कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए एक ऐसी फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है, जहां खंडहर की आड़ में मौत का सामान तैयार किया जा रहा था। एसओजी और बहेड़ी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मामले में पाकिस्तानी हैंडलर से सोशल मीडिया के जरिए संपर्क सामने आने के बाद जांच का दायरा और बढ़ गया है।
एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर गोपनीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस लगातार संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी कर रही थी। इसी बीच शनिवार देर रात पुलिस को बरेली-बहेड़ी मार्ग पर गन्ना उत्पादक महाविद्यालय से पहले सड़क किनारे स्थित एक खंडहर में अवैध हथियार बनाए जाने की सूचना मिली। एसओजी प्रभारी सुनील शर्मा और बहेड़ी पुलिस की टीम ने तत्काल घेराबंदी कर रात करीब 1:35 बजे छापा मारा। मौके पर चार आरोपी हथियार बनाते हुए पकड़े गए।
चार गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखराज सिंह (19), शानू मियां (29), जीवनदीप सिंह (24) और जसनूर सिंह (30) के रूप में हुई है। ये आरोपी बरेली, रामपुर और पीलीभीत के रहने वाले हैं। पुलिस फरार दोनों आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
पाकिस्तानी हैंडलर से बातचीत की जांच
इस पूरे मामले में सबसे गंभीर पहलू गिरफ्तार आरोपी सुखराज सिंह के मोबाइल से सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, सुखराज इंस्टाग्राम के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर अजमल गुर्जर के संपर्क में था। व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम पर हथियारों की सप्लाई को लेकर बातचीत के डिजिटल साक्ष्य मिलने की बात कही गई है। हालांकि, कई चैट डिलीट मिली हैं। पुलिस अब मोबाइल डेटा और डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच कर रही है। फिलहाल इस कथित अंतरराष्ट्रीय संपर्क की वास्तविक भूमिका जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
इशरत पहलवान का नाम भी आया सामने
पूछताछ में इशरत पहलवान का नाम भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, वह पूर्व में हथियार तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों ने उससे असलहा लेने की बात बताई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध फैक्ट्री में तैयार हथियार किन लोगों तक पहुंचाए जा रहे थे और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।
हथियारों का जखीरा और मशीनें बरामद
पुलिस ने मौके से एक 315 बोर का तमंचा, एक 9 एमएम की अवैध पिस्टल, एक 315 बोर की रायफल, जिंदा कारतूस, 12 बोर की दो अधबनी लोहे की नाल, शिकंजा मशीन, हथियार बनाने के उपकरण और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
एसएसपी अनुराग आर्य ने किया खुलासा
रविवार को पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर एसएसपी अनुराग आर्य ने पूरे मामले की जानकारी दी। बहेड़ी थाने में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ हथियारों की सप्लाई और कथित पाकिस्तानी संपर्कों की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में एसओजी प्रभारी सुनील शर्मा और उनकी टीम के साथ बहेड़ी पुलिस के उपनिरीक्षक तेजपाल सिंह, हेड कांस्टेबल विकास पंवार, राजीव कुमार, कांस्टेबल गौरव कुमार और रिक्रूट कांस्टेबल अतुल नागर शामिल रहे।
खास बात: खंडहर में चल रही इस फैक्ट्री का खुलासा केवल अवैध हथियारों की बरामदगी तक सीमित नहीं है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि तैयार हथियारों की सप्लाई कहां होती थी, फरार आरोपी कौन हैं और सोशल मीडिया पर सामने आया कथित पाकिस्तानी संपर्क किस स्तर तक जुड़ा हुआ है। जांच की अगली कड़ियां इस पूरे नेटवर्क की असल तस्वीर सामने ला सकती हैं।



