मतदाता सूची में नाम नहीं तो मतदान का अधिकार अधूरा, ईसीआई नेट ऐप से तुरंत करें जांच-नाम दर्ज नहीं होने पर प्रपत्र-6 भरकर करें आवेदन, 16 दिसंबर तक मिलेगा मौका-आवेदन में नाम, मोबाइल नंबर और पिन कोड सहित पूरा पता सही भरना अनिवार्य

गाजियाबाद। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत जनपद में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए जिला प्रशासन ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में रविवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने राजनगर एक्सटेंशन स्थित होटल लुमेरा ब्लूम के तृतीय तल पर आयोजित कार्यक्रम में एओए और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों सहित उपस्थित लोगों को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया विस्तार से समझाई। उन्होंने अपील की कि सभी नागरिक अपने और परिवार के प्रत्येक पात्र सदस्य का नाम मतदाता सूची में अवश्य जांचें। नाम दर्ज नहीं होने पर प्रपत्र-6 भरकर आवेदन करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व मतदान में भाग लेने के लिए मतदाता सूची में नाम दर्ज होना अनिवार्य है। इसलिए प्रत्येक नागरिक सबसे पहले निर्वाचन आयोग के ईसीआई नेट मोबाइल ऐप को अपने मोबाइल में डाउनलोड करे और मतदाता सूची में अपना नाम जांचे। यदि नाम सूची में नहीं है तो ऐप के माध्यम से ही प्रपत्र-6 भरकर पंजीकरण के लिए आवेदन किया जा सकता है। जिलाधिकारी ने बताया कि एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए दावे और आपत्तियां प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 16 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, 17 नवंबर से 30 नवंबर तक घर-घर जाकर सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित होंगे। इन दिनों संबंधित बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद रहकर नागरिकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। डीएम ने एओए और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है। इसके लिए अधिकारियों के साथ आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (नगर) विकास कश्यप, उप जिलाधिकारी सदर अजीत सिंह, अपर उप जिलाधिकारी राम शंकर सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी, एओए और आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष, सचिव तथा गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
डीएम ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि प्रपत्र-6 भरते समय आवेदक अपना नाम सही-सही दर्ज करें। मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से अंकित करें और पूरा पता पिन कोड सहित भरें। आवेदन के साथ जन्म प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण के लिए आधार कार्ड के आगे और पीछे के हिस्से की तस्वीर तथा नवीनतम फोटो निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपलोड करें। उन्होंने बताया कि मतदाता पंजीकरण के लिए निर्वाचन आयोग के नागरिक सेवा पोर्टल के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। इसके अलावा संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से प्रपत्र-6 प्राप्त कर उसे भरकर जमा कराने की सुविधा भी उपलब्ध है। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने प्रपत्र-6 की हार्ड कॉपी दिखाकर उसके प्रत्येक कॉलम को क्रमवार समझाया। उन्होंने बताया कि आवेदन में नाम, पता और अन्य व्यक्तिगत विवरण भरते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। इसके बाद उन्होंने मोबाइल ऐप के माध्यम से मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया स्वयं करके दिखाई, जिससे उपस्थित लोगों को आवेदन करने का तरीका आसानी से समझ में आ सके। उन्होंने लोगों की जिज्ञासाएं भी सुनीं और मतदाता पंजीकरण से जुड़े सवालों के विस्तारपूर्वक जवाब दिए।



