ग़ाज़ियाबाद

गाजियाबाद से कानपुर का सफर होगा आसान, 16 नवंबर से दौड़ेगी नई दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन-आनंद विहार टर्मिनल से कानपुर सेंट्रल के बीच शुरू होगी नई ट्रेन

गाजियाबाद। गाजियाबाद और आसपास के क्षेत्रों के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। सांसद अतुल गर्ग के प्रयासों से आनंद विहार टर्मिनल और कानपुर सेंट्रल के बीच 16 नवंबर 2026 से नई दैनिक एक्सप्रेस रेल सेवा शुरू होने जा रही है। खास बात यह है कि इस ट्रेन का ठहराव गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर भी सुनिश्चित किया गया है। इससे यात्रियों को कानपुर आने-जाने के लिए सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी और क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। उल्लेखनीय है कि सांसद अतुल गर्ग ने बीते माह केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर कानपुर, लखनऊ और प्रयागराज के लिए अतिरिक्त रेल सेवाएं शुरू करने का अनुरोध किया था। उन्होंने क्षेत्र में लगातार बढ़ती यात्री संख्या और लोगों की रेल संबंधी जरूरतों को देखते हुए इन मार्गों पर बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई थी। इस पर रेल मंत्री ने सकारात्मक आश्वासन दिया था। अब आनंद विहार टर्मिनल-कानपुर सेंट्रल के बीच दैनिक एक्सप्रेस सेवा शुरू होने जा रही है।
सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि नई रेल सेवा शुरू होने से गाजियाबाद और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को कानपुर जाने और वहां से वापस आने में काफी सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही व्यापार, नौकरी, शिक्षा और अन्य कार्यों से यात्रा करने वाले लोगों को भी लाभ पहुंचेगा। गाजियाबाद में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने इस नई रेल सेवा की सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का गाजियाबाद की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की रेल सुविधाओं को बेहतर बनाने और यात्रियों की मांगों को पूरा कराने के लिए प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button