ग़ाज़ियाबाद

मतदाता सूची में नाम नहीं तो लोकतंत्र में भागीदारी अधूरी, हर पात्र नागरिक बने मतदाता: डीएम-ईसीआई-नेट मोबाइल ऐप से घर बैठे जांच सकेंगे मतदाता सूची में अपना नाम 

गाजियाबाद। आगामी विधानसभा मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने जनपद के सभी नागरिकों से अपने और परिवार के प्रत्येक पात्र सदस्य का नाम मतदाता सूची में जांचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाना जरूरी है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे। इसके लिए निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने का अभियान चलाया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नागरिक निर्वाचन आयोग के आधिकारिक ईसीआई-नेट मोबाइल ऐप के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम आसानी से जांच सकते हैं। इसके लिए गूगल प्ले स्टोर अथवा ऐप स्टोर से मोबाइल ऐप डाउनलोड करना होगा। ऐप में मतदाता सूची में अपना नाम खोजें विकल्प का उपयोग कर संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने परिवार के सभी सदस्यों के नाम की जांच करें और यदि किसी पात्र सदस्य का नाम सूची में दर्ज नहीं है तो उसे शामिल कराने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करें। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने जनपद के युवाओं, विद्यार्थियों, आवासीय कल्याण समितियों और आम नागरिकों से इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार को अपने सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज होने की जांच करनी चाहिए। साथ ही आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए। उन्होंने बताया कि ईसीआई-नेट मोबाइल ऐप के माध्यम से नागरिक अपने आवेदन की स्थिति भी देख सकते हैं और अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क करने की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित होना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए आवश्यक है। इसके लिए प्रशासन के साथ नागरिकों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है। सभी पात्र नागरिकों को आगे आकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना चाहिए, ताकि कोई भी योग्य व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न रहे। जिलाधिकारी ने बताया कि जिन नागरिकों की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक हो चुकी है और उनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे प्रपत्र-6 भरकर अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की सुविधा ऑनलाइन माध्यम के साथ-साथ संबंधित क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से भी उपलब्ध है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों से अपील की कि वे मतदाता बनने के प्रति जागरूक रहें। लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान का अधिकार नागरिकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ऐसे में पात्र युवाओं को समय रहते अपना पंजीकरण कराना चाहिए, जिससे वे निर्वाचन प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 17 नवंबर से 30 नवंबर तक बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन अभियान संचालित किया जाएगा। इस दौरान बीएलओ परिवारों के सदस्यों की जानकारी प्राप्त करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि सत्यापन अभियान के दौरान नागरिक अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर मतदाता सूची से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। यदि परिवार में कोई पात्र सदस्य मतदाता सूची में शामिल होने से रह गया है तो निर्धारित प्रपत्र-6 भरकर आवेदन जमा कराया जा सकता है। इससे मतदाता सूची में नाम जोडऩे की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने में सहायता मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button