रक्षाबंधन पर घर जाने वालों की उमड़ी भीड़, कौशांबी डिपो से 529 बसों में 26 हजार यात्री रवाना

गाजियाबाद। रक्षाबंधन का पर्व नजदीक आते ही अपनों के साथ त्योहार मनाने के लिए घर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ कौशांबी डिपो पर बढऩे लगी है। बुधवार सुबह से ही डिपो में यात्रियों की संख्या बढ़ती गई। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने अतिरिक्त बसों के फेरे बढ़ा दिए। बुधवार शाम चार बजे तक कौशांबी डिपो से करीब 529 बसों में 26,450 यात्री अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। अधिकारियों के अनुसार गुरुवार को यात्रियों की संख्या और बढऩे की संभावना है, जिसके मद्देनजर बसों के फेरे और बढ़ाए जाएंगे।
रक्षाबंधन पर दिल्ली-एनसीआर से बड़ी संख्या में लोग उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों और आसपास के राज्यों में अपने घरों के लिए रवाना होते हैं। इसे देखते हुए परिवहन निगम ने गाजियाबाद क्षेत्र में करीब 250 अतिरिक्त बसों के फेरे बढ़ाए हैं। कौशांबी डिपो पर बुधवार को सुबह से ही यात्रियों की आवाजाही बढ़ गई। लखनऊ, मेरठ, बरेली, हल्द्वानी और आसपास के जिलों की ओर जाने वाली बसों में यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में अधिक रही। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अंशु भटनागर ने बताया कि बुधवार शाम चार बजे तक कौशांबी डिपो से 529 बसों के माध्यम से करीब 26,450 यात्रियों ने सफर किया। यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसे देखते हुए गुरुवार से बसों के फेरे और बढ़ाए जाएंगे। यात्रियों को बस के लिए ज्यादा देर तक इंतजार न करना पड़े, इसके लिए अतिरिक्त बसों को तैयार रखा गया है। आवश्यकता के अनुसार बसों का संचालन बढ़ाया जाएगा और यात्रियों की संख्या अधिक होने पर अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के लिए परिवहन निगम ने विशेष सुविधा भी शुरू की है। 27, 28 और 29 अगस्त को रोडवेज बसों में सफर करने वाली महिलाओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। महिला यात्रियों को यात्रा के लिए शून्य रुपये का टिकट दिया जाएगा। महिला यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक महिला यात्री के साथ एक पुरुष यात्री को भी निशुल्क यात्रा का लाभ दिए जाने की व्यवस्था की गई है। इससे त्योहार पर घर जाने वाली महिलाओं और उनके साथ सफर करने वाले परिजनों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। रक्षाबंधन के दौरान डिपो पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षाकर्मियों की तीन शिफ्ट में तैनाती की गई है। प्रवेश और निकास द्वार के साथ ही डिपो परिसर में लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान का विशेष ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल सुरक्षाकर्मियों को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। वहीं, रोडवेज बसों में 60 वर्ष से अधिक आयु की बुजुर्ग महिला यात्रियों के लिए भी निशुल्क यात्रा की सुविधा बुधवार से शुरू कर दी गई। क्षेत्रीय प्रबंधक केएन चौधरी ने बताया कि मुख्यालय से मिले निर्देशों के अनुसार यह सुविधा लागू कर दी गई है। 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाएं आधार कार्ड दिखाकर रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा कर सकती हैं। पहले दिन कौशांबी डिपो से करीब 100 बुजुर्ग महिलाओं ने इस सुविधा का लाभ उठाया। परिवहन निगम अधिकारियों के अनुसार रक्षाबंधन को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। डिपो पर अतिरिक्त बसों की उपलब्धता के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की गई है। अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के दौरान यात्रियों की संख्या जिस तरह बढ़ रही है, उसके अनुसार बसों के फेरे बढ़ाकर लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।


