शहर-राज्य

अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों के साथ विदा हुईं मां जगदम्बा

वेलकम इण्डिया

बिस्कोहर/सिद्धार्थनगर। श्रीदुर्गा पूजा उत्सव के समापन पर मंगलवार को मां दुर्गा का आशीर्वाद लेने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। विदाई की बेला में महिलाओं ने देवी मां को सिंदूर अर्पित कर सदा सुहागिन रहने की कामना की। बिस्कोहर कस्बा के बाबू पोखरा, दक्षिण डिहवा, पूरब डिहवा, उत्तर यादव डिहवा, प्राइवेट बस अड्डा के साथ मझौवा व डेगहर में स्थापित पूजा पंडालों में सुबह से ही विशेष अर्चना की गई। देवी को सिंदूर अर्पित करने के बाद महिलाओं ने पारंपरिक रूप से एक-दूसरे को सिंदूर लगाया और पर्व की बधाई दी। सुबह 11 बजे गगनभेदी जयकारों के बीच सभी पूजा पंडालों से मां दुर्गा की भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा बाबू पोखरा से शुरू होकर पुराना डाकखाना, मुख्य कस्बा, चौक रोड, कसेरा मोहल्ला व बस अड्डा पूरब डिहवा होते हुए देर रात में शिव चरण पोखरा मंगल बाजार पर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार और महाआरती के बाद मूर्तियों को विसर्जित किया गया। इस दौरान पूरा मार्ग माता के जयकारों से गुंजायमान रहा और मां की विदाई के भावुक क्षणों में श्रद्धालुओं की आंखें भर आईं। दूसरी तरफ फूलपुर राजा व फूलपुर पांडे और नावडीह की दिव्य प्रतिमाओं को ग्रामीणों ने पूरी श्रद्धा के साथ गांव स्थित पोखरे में विसर्जित किया। इस दौरान बिस्कोहर कस्बे और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए थानाध्यक्ष त्रिलोकपुर अनूप कुमार मिश्रा व चौकी प्रभारी बिस्कोहर अमित कुमार शाही अपनी पुलिस टीम के साथ मुस्तैद रहे। इस मौके पर नगर पंचायत चेयरमैन अजय गुप्ता, रामजी श्यामजी कसौधन, लालबाबू पाठक, राम नरेश पासवान, किशन पासवान, सोनू साहू, विनोद पासवान और विनय सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक व श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button