डॉ. के. एन. मोदी विश्वविद्यालय, मोदीनगर में माइक्रोसॉफ्ट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन

अनिल वशिष्ठ
मोदीनगर,(वेलकम इंडिया )। डॉ. के. एन. मोदी विश्वविद्यालय, मोदीनगर में टीपीआई माइक्रोटेक प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से माइक्रोसॉफ्ट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (Microsoft Centre of Excellence) का उद्घाटन किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा प्रदान करना, उनके तकनीकी कौशल को विकसित करना तथा उन्हें उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रो. (डॉ.) डी. के. मोदी, चांसलर डॉ. के. एन. मोदी, कुलपति प्रो. (डॉ.) पी. एन. ऋषिकेशा रजिस्ट्रार डॉ. के. एन. मोदी फाउंडेशन, मोदीनगर के प्रतिनिधियों तथा टीपीआई माइक्रोटेक प्राइवेट लिमिटेड के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ शिक्षाविदों एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।इस सेंटर के माध्यम से विद्यार्थियों को माइक्रोसॉफ्ट एज्योर, माइक्रोसॉफ्ट 365, माइक्रोसॉफ्ट पावर प्लेटफॉर्म, माइक्रोसॉफ्ट डायनेमिक्स 365, मिडलवेयर एप्लीकेशन, माइक्रोसॉफ्ट सुरक्षा समाधान, साइबर सिक्योरिटी, माइक्रोसॉफ्ट कोपायलट तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी आधुनिक तकनीकों के क्षेत्र में प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। यह पहल अकादमिक शिक्षा और उद्योग की आवश्यकताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने, विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने तथा उन्हें रोजगार के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे विद्यार्थियों को नवीनतम तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा और वे बदलते तकनीकी परिदृश्य में अपनी दक्षता बढ़ा सकेंगे। डॉ. के. एन. मोदी विश्वविद्यालय और टीपीआई माइक्रोटेक प्राइवेट लिमिटेड की यह संयुक्त तकनीकी शिक्षा नवाचार और कौशलको नई दिशा प्रदान करेगी।



