दुष्कर्म के मुकदमे में वांछित दो आरोपी मुठभेड़ में दबोचे

गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के मुकदमे में वांछित चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने शनिवार रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की बाइक और दो मोबाइल बरामद किए हैं। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, शालीमार नगर स्थित जल निगम प्लांट के पास दोनों आरोपियों के मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने फ्रेग्रेंस सोसाइटी के पास बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध वहां पहुंचे। पुलिस को देखकर उन्होंने भागने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, भागने के दौरान रास्ता उबड़-खाबड़ होने के कारण बाइक असंतुलित होकर गिर गई। पुलिस टीम जब आरोपियों के पास पहुंची तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चमन कॉलोनी निवासी मुस्तकीम (48) और सिद्धार्थ विहार निवासी प्रदीप (40) के रूप में हुई है। दोनों दुष्कर्म के मुकदमे में वांछित चल रहे थे। आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की बाइक और दो मोबाइल फोन भी मिले हैं। मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस बरामद सामान के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।


