भाई-बहन के स्नेह का पर्व रक्षाबंधन हर्षोल्लास से मनाया

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
बिस्कोहर/सिद्धार्थंनगर। शुक्रवार को बिस्कोहर कस्बे और ग्रामीण क्षेत्रों में रक्षाबंधन का पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना की।भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर उनकी रक्षा का संकल्प लिया। बहराइच से बिस्कोहर पहुंचीं शालू पासवान ने भाई किशन पासवान की कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया। नोयडा से बिस्कोहर आई अनुराधा कसौधन ने अपने भाई आशुतोष गुप्ता को राखी बांधी । सानवी ने अपने चार वर्षीय भाई सार्थक की कलाई पर राखी बांधने के बाद उसे मिठाई खिलाई, तो दिव्या कौशल ने अपने डेढ़ वर्षीय भाई रुद्रा की कलाई पर राखी बांधी।नायरा ने अपने ढाई वर्षीय भाई हिमांशु यादव की कलाई पर राखी बांधकर पर्व की खुशियां साझा कीं। घरों में सुबह से ही राखी बांधने और मिठाई खिलाने का सिलसिला चलता रहा।रक्षाबंधन के लिए उत्तम मुहूर्त सुबह 5:57 बजे से 9:48 बजे तक रहा। इसके बाद दूसरा शुभ मुहूर्त दोपहर 1:52 बजे से शाम 4:35 बजे तक रहा। इसी शुभ समय के बीच कस्बे और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने विधि-विधान से रक्षाबंधन का पर्व मनाया।



