ग़ाज़ियाबाद

बढ़ते टीबी मरीजों पर भारतीय मजदूर संघ की चिंता,  नए क्षय रोग चिकित्सालय की उठी मांग-पुराने टीबी अस्पताल भवन टूटने के बाद मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को हो रही भारी परेशानी

गाजियाबाद। औद्योगिक नगरी गाजियाबाद में लगातार बढ़ रहे क्षय रोग के मरीजों को लेकर भारतीय मजदूर संघ ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। भारतीय मजदूर संघ गाजियाबाद के जिला मंत्री नितिन रोहतगी ने उत्तर प्रदेश सरकार से जनपद में आधुनिक जिला क्षय रोग चिकित्सालय और नए टीबी वार्ड के निर्माण की मांग उठाई है। इस संबंध में मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री तथा प्रभारी मंत्री असीम अरुण को पत्र भेजकर जल्द आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है। भारतीय मजदूर संघ द्वारा प्रेषित पत्र में कहा गया है कि गाजियाबाद जैसे घनी आबादी और औद्योगिक गतिविधियों वाले जिले में क्षय रोग के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हाल के दिनों में चलाए गए विशेष अभियानों के दौरान हजारों मरीजों की पहचान होने की खबरें सामने आई हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि जिले में टीबी की समस्या गंभीर रूप लेती जा रही है। इसके बावजूद जिले में संचालित वर्तमान क्षय रोग चिकित्सालय और टीबी वार्ड की स्थिति मानकों के अनुरूप पर्याप्त नहीं है। जिला मंत्री नितिन रोहतगी ने अपने बयान में कहा कि पुराने टीबी अस्पताल और वार्ड भवनों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा असुरक्षित घोषित कर खाली कराया गया और बाद में उन्हें तोड़ दिया गया। इसके बाद से मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में उपलब्ध सुविधाएं मरीजों की संख्या के मुकाबले बेहद कम हैं, जिससे उपचार व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में मरीजों के लिए पर्याप्त बिस्तरों की सुविधा उपलब्ध नहीं है। जांच और भर्ती की व्यवस्था भी सीमित है, जिसके कारण मरीजों को समय पर समुचित इलाज नहीं मिल पा रहा। इसके साथ ही संक्रमण फैलने का खतरा भी लगातार बना हुआ है। उन्होंने कहा कि क्षय रोग जैसी संक्रामक बीमारी के इलाज के लिए बेहतर अधोसंरचना और सुरक्षित वातावरण बेहद आवश्यक है, लेकिन वर्तमान हालात चिंता बढ़ाने वाले हैं। भारतीय मजदूर संघ ने मांग की है कि जनपद गाजियाबाद में शीघ्र आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया जिला क्षय रोग चिकित्सालय और अत्याधुनिक टीबी वार्ड का निर्माण कराया जाए। नए भवन में मरीजों के लिए पर्याप्त बिस्तर, जांच सुविधाएं, भर्ती कक्ष, प्रयोगशाला और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकें। नितिन रोहतगी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए जमीनी स्तर पर मजबूत स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता है। यदि गाजियाबाद में आधुनिक क्षय रोग चिकित्सालय का निर्माण होता है तो यह न केवल मरीजों के इलाज में सहायक होगा, बल्कि संक्रमण की रोकथाम और जनस्वास्थ्य को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार लगातार जनहित और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कार्य कर रही है। ऐसे में भारतीय मजदूर संघ को उम्मीद है कि सरकार इस महत्वपूर्ण मांग को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी। भारतीय मजदूर संघ ने यह भी कहा कि गाजियाबाद जैसे बड़े जनपद में क्षय रोग के मरीजों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। यदि समय रहते नई स्वास्थ्य अधोसंरचना विकसित नहीं की गई तो आने वाले समय में मरीजों की परेशानी और बढ़ सकती है। संघ का मानना है कि नए क्षय रोग चिकित्सालय और टीबी वार्ड के निर्माण से हजारों मरीजों को राहत मिलेगी तथा जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को भी मजबूती प्राप्त होगी। अब सभी की निगाहें प्रदेश सरकार के निर्णय पर टिकी हैं कि इस महत्वपूर्ण जनस्वास्थ्य मांग पर कब तक ठोस कदम उठाए जाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button