डासना आरओबी पर जाम से मिलेगी राहत, रेलिंग तोड़कर रास्ता चौड़ा करने का काम शुरू

गाजियाबाद। एनएच-9 पर डासना अंडरपास के पास लगने वाले जाम से वाहन चालकों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। डासना आरओबी पर चढऩे के लिए रास्ता चौड़ा करने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके लिए आरओबी की रेलिंग तोड़ी जा रही है, जिससे लालकुआं की तरफ से आने वाले वाहन चालक आसानी से आरओबी पर चढ़कर हापुड़ रोड होते हुए गोविंदपुरम की ओर जा सकेंगे। यातायात पुलिस की ओर से लगातार सामने आ रही जाम की समस्या को देखते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) से रास्ता चौड़ा कराने का अनुरोध किया गया था।
दरअसल, एनएच-9 पर डासना अंडरपास के आसपास वाहनों का दबाव अधिक रहता है। हापुड़ की तरफ से आने वाले वाहन शहर के अंदर गोविंदपुरम की ओर मुड़ते हैं। वहीं, लालकुआं की ओर से आने वाले वाहन चालकों को आरओबी पर चढऩे के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती। ऐसे में वाहन चालकों को आगे निकलने के लिए मशक्कत करनी पड़ती है। व्यस्त समय में वाहनों की संख्या बढऩे पर स्थिति और गंभीर हो जाती है। सड़क पर वाहनों की कतार लगने से लोगों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए यातायात पुलिस ने एनएचएआई के अधिकारियों से आरओबी की रेलिंग हटाकर रास्ता चौड़ा करने की मांग की थी। अब इस दिशा में काम शुरू हो गया है। रेलिंग हटने और रास्ता चौड़ा होने से लालकुआं की ओर से आने वाले वाहनों को आरओबी पर चढऩे के लिए पर्याप्त जगह मिल सकेगी। इससे वाहन चालकों को बार-बार रुकने और दूसरे वाहनों के निकलने का इंतजार करने जैसी परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। डासना अंडरपास के पास सुबह और शाम के व्यस्त समय में यातायात का दबाव बढ़ जाता है। इस दौरान दिल्ली, लालकुआं और हापुड़ की ओर से आने-जाने वाले वाहनों की आवाजाही के कारण जाम की स्थिति बनती है। आरओबी पर चढऩे के लिए पर्याप्त रास्ता नहीं होने से समस्या और बढ़ जाती है। ऐसे में रास्ता चौड़ा होने के बाद वाहनों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित होने की संभावना है। डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन ने बताया कि यातायात की समस्या को देखते हुए एनएचएआई से रास्ता चौड़ा करने का अनुरोध किया गया था। अब रेलिंग तोड़कर रास्ता चौड़ा करने का काम शुरू हो गया है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद लालकुआं से गोविंदपुरम की ओर जाने वाले वाहन चालकों को आरओबी पर चढऩे के लिए बेहतर रास्ता मिलेगा। इससे डासना अंडरपास के आसपास यातायात का दबाव कम होने और जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।


