जनगणना-2027 की तैयारी तेज, नगर निगम के पांचों जोन में प्रशिक्षण शुरू, 560 सुपरवाइजर भी ले रहे ट्रेनिंग; एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेगी टीम

गाजियाबाद। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निगम सीमा के पांचों जोन में प्रशिक्षण केंद्र बनाकर प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इस चरण में करीब 3577 प्रगणकों और 560 सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। नगर आयुक्त एवं अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशन में चल रही तैयारियों की निगरानी वरिष्ठ अधिकारी कर रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों को जनगणना की प्रक्रिया, निर्धारित कार्यप्रणाली और घर-घर जाकर जानकारी जुटाने के संबंध में विस्तार से समझाया जा रहा है। नगर निगम ने प्रशिक्षण व्यवस्था के लिए सभी पांच जोन में केंद्र निर्धारित किए हैं। मोहन नगर जोन के लिए साहिबाबाद नगर निगम स्कूल, वसुंधरा जोन के लिए मकनपुर नगर निगम स्कूल, सिटी जोन के लिए नगर निगम के एमबी गर्ल्स स्कूल, विजयनगर जोन के लिए लीलावती स्कूल और कविनगर जोन के लिए नगर निगम महरौली स्कूल में प्रशिक्षण कराया जा रहा है। यहां प्रगणकों और सुपरवाइजरों को तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण 22 अक्टूबर से शुरू होकर 14 नवंबर तक चलेगा। अधिकारियों के अनुसार, सभी केंद्रों पर प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। प्रोजेक्टर के माध्यम से जानकारी देने के साथ प्रशिक्षण मैन्युअल भी उपलब्ध कराया गया है। बैठने, भोजन और पानी की उचित व्यवस्था की गई है, ताकि प्रशिक्षण में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अपर नगर आयुक्त एवं नगर जनगणना अधिकारी रेनू सिंह ने बताया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत प्रशिक्षण की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वगणना की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। इस दौरान निर्धारित प्रक्रिया के तहत परिवारों से आवश्यक जानकारी जुटाई जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रगणकों को जिम्मेदारी के अनुरूप प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि घर-घर सर्वे के दौरान कार्य व्यवस्थित तरीके से पूरा हो सके। प्रशिक्षण केंद्रों पर अधिकारियों की ओर से प्रगणकों का उत्साहवर्धन भी किया जा रहा है। जनगणना के कार्यों को व्यवस्थित ढंग से पूरा कराने के लिए नगर निगम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं। सभी जोन के जोनल प्रभारियों को चार्ज अधिकारी बनाया गया है। उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह को वसुंधरा और मोहन नगर जोन का नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी को कविनगर, विजयनगर और सिटी जोन की जिम्मेदारी दी गई है। नगर जनगणना अधिकारी रेनू सिंह ने विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अधिकारियों को जनगणना से जुड़े कार्यों को गंभीरता से पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। निगम स्तर पर प्रशिक्षण और निगरानी के जरिए यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार जनगणना की प्रक्रिया पूरी हो सके।


