ग़ाज़ियाबाद

छठी मैया की आराधना कर विभु बंसल ने लिया आशीर्वाद, श्रद्धालुओं से किया आत्मीय संवाद

गाजियाबाद। लोक आस्था, सूर्य उपासना और अटूट श्रद्धा के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर सिद्धार्थ विहार में भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला। 56 गाजियाबाद सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पूर्वांचल विकास समिति की ओर से आयोजित छठ पूजा कार्यक्रम में विभु बंसल शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पूरी श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ छठी मैया की आराधना की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान विभु बंसल ने पूर्वांचल समाज के लोगों के साथ आत्मीय संवाद किया और पर्व की खुशियां साझा कीं। उन्होंने छठ पूजा में शामिल व्रतियों और श्रद्धालुओं की आस्था को नमन करते हुए सभी के परिवारों में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। घाट पर पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक पूजा-पद्धति से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ था। इस अवसर पर विभु बंसल ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति और लोक आस्था का ऐसा अनुपम पर्व है, जो हमें प्रकृति, जल और सूर्य के महत्व का संदेश देता है। भगवान सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा के माध्यम से जीवन में अनुशासन, समर्पण, पवित्रता और कृतज्ञता का भाव मजबूत होता है। यह पर्व केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक एकता और पारिवारिक संस्कारों को भी मजबूती प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि छठ पूजा के दौरान जिस तरह लोग एक साथ मिलकर घाटों पर पूजा-अर्चना करते हैं, उससे आपसी प्रेम, सहयोग और भाईचारे की भावना को बढ़ावा मिलता है। विशेष रूप से पूर्वांचल समाज की इस परंपरा में सामूहिक सहभागिता और सामाजिक समरसता की सुंदर झलक दिखाई देती है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोडऩे का भी काम करते हैं। विभु बंसल ने छठी मैया से प्रार्थना की कि सभी क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहे और हर परिवार स्वस्थ, खुशहाल एवं संपन्न रहे। उन्होंने सभी व्रतियों और श्रद्धालुओं को महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए उनके परिवारों की मंगलकामना की। सिद्धार्थ विहार में आयोजित इस कार्यक्रम में छठ महापर्व के प्रति लोगों की गहरी आस्था और उत्साह देखने को मिला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button