ग़ाज़ियाबाद

अर्घ्य की श्रद्धा और रोशनी का वैभव, हिंडन घाट पर दिखी छठ की दिव्यता -78 से अधिक घाटों पर प्रकाश, पेयजल, सफाई और सुरक्षा के किए गए इंतजाम-छठी मैया की कथा का लेजर शो के माध्यम से हुआ प्रदर्शन 

गाजियाबाद। लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ का आज तीसरा दिन है। शनिवार को खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू कर दिया था। रविवार शाम छठ व्रती नदी, तालाबों और जलाशयों के किनारे अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया। छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार सुबह सप्तमी तिथि पर उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण होगा और चार दिवसीय महापर्व के सभी अनुष्ठान संपन्न हो जाएंगा। लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ पर नगर निगम ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं कीं। शहर के 78 से अधिक छठ घाटों पर सफाई, प्रकाश, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। वहीं, मुख्य आयोजन स्थल हिंडन छठ घाट पर नगर निगम की ओर से भव्य लेजर शो का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगी रोशनी से सजे घाट और लेजर शो के माध्यम से प्रदर्शित छठी मैया की प्राचीन कथा ने श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा श्रद्धालुओं के साथ भगवान सूर्य को नमन किया। दोनों ने शहरवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं भी दीं। हिंडन घाट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु सूर्यदेव को अर्घ्य देने और छठी मैया की पूजा-अर्चना करने पहुंचे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नगर निगम ने घाट पर विशेष इंतजाम किए थे। घाट को आकर्षक रोशनी और सजावट से भव्य रूप दिया गया। लेजर शो के दौरान छठी मैया से जुड़ी प्राचीन कथा को रोशनी और दृश्यों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। इससे धार्मिक आयोजन में सांस्कृतिक रंग भी जुड़ गया। परिवारों और बच्चों ने भी इस विशेष प्रस्तुति का आनंद लिया। श्रद्धा, भक्ति और आधुनिक तकनीक के इस संगम ने छठ महापर्व की खुशियों को और बढ़ा दिया। छठ महापर्व के दौरान नगर निगम की ओर से की गई व्यवस्थाओं की श्रद्धालुओं ने सराहना की। विशेष रूप से हिंडन घाट पर लेजर शो, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, सफाई और अन्य सुविधाओं ने आयोजन को यादगार बनाया। नगर निगम की ओर से अर्पण कलश, कूड़ेदान और सफाई कर्मियों की तैनाती से घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग मिला। महापौर और नगर आयुक्त ने भी श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर पर्व की खुशियां साझा कीं। इस तरह हिंडन घाट पर आस्था, परंपरा, सांस्कृतिक प्रस्तुति और नगर निगम की व्यवस्थाओं का सुंदर संगम देखने को मिला। इस दौरान अपर नगर आयुक्त अवनीन्द्र कुमार, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह, संपत्ति प्रभारी रीना सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश कुमार, जलकल जीएम केपी आनंद, अकाउंट ऑफिसर अनुराग सिंह, मुख्य लेखा परीक्षक विवेक सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अनिरुद्ध सिंह आदि मौजूद रहे। 
महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि गाजियाबाद में हर वर्ष छठ महापर्व पूरे उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाता है। इस बार भी नगर निगम ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सभी प्रमुख घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाएं कराई हैं। हिंडन घाट पर आयोजित लेजर शो के माध्यम से पर्व को विशेष भव्यता प्रदान की गई है। रंग-बिरंगी रोशनी से सजे घाट और छठी मैया की कथा की प्रस्तुति श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रही। उन्होंने सभी व्रतियों और श्रद्धालुओं को छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उनके परिवारों की सुख-समृद्धि की कामना की। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता रही। इसी उद्देश्य से सभी घाटों पर सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया गया। हिंडन घाट पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए 50 से अधिक सफाई मित्र और 10 सफाई नायकों की ड्यूटी 24 घंटे के रोस्टर के अनुसार लगाई गई। संबंधित अधिकारियों और टीमों को लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करने तथा किसी भी कमी को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। नगर निगम की ओर से शहर के 78 से अधिक छठ घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, मोबाइल शौचालय और सफाई के इंतजाम किए गए। मुख्य घाट हिंडन पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बदलने के कक्ष, नियंत्रण कक्ष, बैठने की व्यवस्था और निगरानी के लिए कैमरे लगाए गए। घाटों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की गई, जिससे पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। जगह-जगह कूड़ेदान रखे गए और पूजा सामग्री के उचित निस्तारण के लिए अर्पण कलश की व्यवस्था की गई। इसके माध्यम से घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने और पूजा सामग्री को इधर-उधर फेंकने से रोकने में मदद मिली। सफाई व्यवस्था में पूर्वांचल जनकल्याण समिति और अन्य सामाजिक समितियों ने भी सहयोग किया। श्रद्धालुओं ने भी पूजा-अर्चना के साथ घाटों को साफ रखने में सहभागिता निभाई। नगर निगम की टीमों ने लगातार सफाई अभियान चलाकर घाटों को स्वच्छ बनाए रखा। श्रद्धालुओं के बैठने, पूजा की तैयारी करने और अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी ध्यान रखा गया।
फोटो न: 1

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button