शहर-राज्य

जेसीआई काशी शिवा द्वारा द 777 जेसीआई सप्ताह में नेतृत्व से लेकर स्वास्थ्य तक होंगे विविध आयोजन

युवाओं में नेतृत्व क्षमता,सामाजिक सरोकार और पारिवारिक सहभागिता को मिलेगा बढ़ावा

(संतोष कुमार सिंह)

वाराणसी :- जेसीआई काशी शिवा की ओर से 9 से 13 सितंबर तक ‘द 777 जेसीआई सप्ताह 2026’ का आयोजन किया जा रहा है | पांच दिवसीय इस विशेष आयोजन के माध्यम से युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ ही सामाजिक सरोकार,स्वास्थ्य जागरूकता, व्यावसायिक संपर्क,डिजिटल जागरूकता तथा पारिवारिक सहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा | सप्ताह के दौरान विभिन्न सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिनमें संस्था के सदस्यों के साथ-साथ युवाओं और आमजन की भी सहभागिता रहेगी |

कार्यक्रमों की श्रृंखला की शुरुआत 9 सितंबर बुधवार को दुर्गाकुंड स्थित श्री हनुमान प्रसाद पोद्दार अंध विद्यालय में दोपहर बारह बजे सतत पेय दिवस के आयोजन से होगी | इसके बाद 10 सितंबर को मलदहिया स्थित माइक्रोटेक कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में युवा नेतृत्व एवं अभिव्यक्ति दिवस मनाया जाएगा | इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं की नेतृत्व क्षमता,संवाद कौशल तथा अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की क्षमता को प्रोत्साहित करना है |

11 सितंबर को मैदागिन स्थित कंपनी गार्डन में सुबह 7:30 बजे निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर एवं डिजिटल जागरूकता दिवस आयोजित किया जाएगा | इस दौरान स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा | 12 सितंबर को कार्यक्रमों की विविध श्रृंखला जारी रहेगी | होटल श्रीगो इन में सुबह 8:30 बजे व्यापार एवं संपर्क विकास दिवस आयोजित होगा जिसमें व्यावसायिक संपर्कों को मजबूत करने और नए अवसरों पर चर्चा की जाएगी | इसी दिन रात आठ बजे सिगरा स्थित आईपी मॉल के पिच एंड पैडल में पारिवारिक सहभागिता दिवस मनाया जाएगा जिसमें संस्था के सदस्यों एवं उनके परिवारों के बीच आपसी जुड़ाव और सहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा |

सप्ताह का समापन 13 सितंबर को महमूरगंज स्थित होटल संकल्प बनारस में सुबह ग्यारह बजे आयोजित होने वाले ‘द 777 महान दिवस समारोह’ के साथ होगा | समारोह में सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों की उपलब्धियों और सहभागिता को रेखांकित किया जाएगा |

जेसीआई काशी शिवा की ओर से बताया गया कि ‘द 777 जेसीआई सप्ताह 2026’ केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि युवाओं को नेतृत्व,सामाजिक जिम्मेदारी,स्वास्थ्य,व्यवसाय और पारिवारिक मूल्यों से जोड़ने की एक सार्थक पहल है | संस्था ने युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं,व्यावसायिक समुदाय,जेसीआई सदस्यों तथा आमजन से सभी कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता की अपील की है | आयोजन को सफल बनाने के लिए जेसीआई काशी शिवा के विभिन्न सदस्यों को कार्यक्रमों के संयोजक एवं निदेशक के रूप में जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं ||

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button