शिक्षिका ने स्कूल की प्रधानाचार्या पर धर्मांतरण कराने के प्रयास का लगाया गंभीर आरोप,

बजरंग दल के पदाधिकारियों ने स्कूल गेट पर “जय श्रीराम” लिखकर हनुमान चालीसा का पाठ किया
पुलिस कर रही है जांच
अनिल वशिष्ठ
मोदीनगर,(वेलकम इंडिया )। संतपुरा कॉलोनी स्थित संत टेरेसा सीनियर एकेडमी की महिला पीटीआई शिक्षिका ने प्रधानाचार्या पर धर्मांतरण कराने के प्रयास का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में कोतवाली में शिक्षिका ने प्रधानाचार्या के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संतपुरा कॉलोनी निवासी अरुणा रानी, वर्ष 2012 से संत टेरेसा सीनियर एकेडमी में पीटीआई शिक्षिका हैं। सोमवार देर रात उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी, जिसमें आरोप लगाया गया कि स्कूल में छात्रों का धर्मांतरण करने की अवैध गतिविधियां चल रही हैं। विद्यार्थियों के हाथों में बंधे कलावा काट दिए जाते हैं। रविवार को अन्य धर्म के आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बुलाकर उनका धर्मांतरण कराया जाता है। शिक्षकों और विद्यार्थियों को जबरन चर्च में ले जाया जाता है, जिन्हें गैर-धार्मिक गतिविधियों में शामिल किया जाता है और उन्हें एक विशेष धर्म की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया जाता है। अरुणा रानी का कहना है कि उनका पुत्र भी स्कूल में पढ़ता है। जब उन्होंने कलावा काटने का विरोध किया, तो उनके बच्चे को स्कूल से निकाल दिया गया।आरोप है कि विद्यार्थियों एवं स्टाफ कर्मियों को चर्च में ले जाकर उनका ब्रेन वाश किया जाता है। आरोप लगने के बाद स्कूल परिसर और उसके बाहर हंगामे का माहौल बन गया। पुलिस ने पहुंचकर स्थिति पर नियंत्रित पाया। बजरंग दल के पदाधिकारियों ने स्कूल गेट पर “जय श्रीराम” लिखकर हनुमान चालीसा का पाठ किया और राम नाम का जाप किया। दूसरी ओर, स्कूल प्रबंधन ने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। प्रधानाचार्या और फादर का कहना है कि ये सभी आरोप मनगढ़ंत हैं। सहायक पुलिस आयुक्त मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि पीटीई शिक्षिका की तहरीर पर जांच चल रही है। मामले में स्कूल के विद्यार्थियों और अभिभावकों से बातचीत की जाएगी। आरोप सही पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



