ग़ाज़ियाबाद

शादी से लौटते वक्त काल बनी बाइक की टक्कर, 19 वर्षीय साहिल की मौत; कार खेत में घुसी

गाजियाबाद। मसूरी थाना क्षेत्र के जेल-नाहल मार्ग पर रविवार शाम हुए सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। दो बाइकों की टक्कर के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान बाइकों को बचाने के प्रयास में एक स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसी। गनीमत रही कि कार चालक सुरक्षित बच गया। पुलिस के अनुसार, हादसा 25 अक्टूबर की शाम करीब साढ़े सात बजे हुआ। एक बाइक पर सवार साहिल (19), पुत्र इरफान निवासी गांव कुशलिया, मसूरी और जाकिर पुत्र दीन मोहम्मद निवासी गांव ढबारसी, मसूरी घायल हो गए। दोनों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डासना ले जाया गया। वहां से उन्हें जिला संयुक्त अस्पताल, संजय नगर भेजा गया। साहिल की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जाकिर को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। उसकी हालत सामान्य बताई गई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, साहिल के ताऊ शकील अहमद की बेटी की शादी थी। बारात बड़ा मवाना से आई थी और कार्यक्रम जेल-नाहल मार्ग स्थित एक फार्म हाउस में चल रहा था। शादी में शामिल होने के लिए ढबारसी से आए जाकिर, जो साहिल के मौसा बताए गए हैं, को बाइक से वापस छोडऩे जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइक की एक अज्ञात बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के दौरान वहां से गुजर रही स्विफ्ट डिजायर कार के चालक ने दोनों बाइकों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में जा घुसी। कार चालक हसन पुत्र दिलशाद निवासी गांव नाहल सुरक्षित बच गए। एसीपी मसूरी सुनील कुमार ने बताया कि जेल-नाहल मार्ग पर बाइक दुर्घटना में दो लोगों के घायल होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान साहिल की मौत हो गई, जबकि जाकिर की हालत सामान्य है। मृतक के शव को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button