पुलिस को देखते ही भागा 25 हजार का इनामी बदमाश, कब्रिस्तान में मुठभेड़ के बाद दबोचा

गाजियाबाद। शालीमार गार्डन थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश अमजद को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार दिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, चोरी की स्कूटी और एक आईफोन बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, सोमवार देर रात और मंगलवार तड़के की चेकिंग के दौरान डीएलएफ चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ भगत सिंह चौक पर मौजूद थे। इसी दौरान विक्रम एन्क्लेव स्थित रैन बसेरे की तरफ से डीएलएफ क्षेत्र में एक स्कूटी सवार आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह स्कूटी मोड़कर भागने लगा। भागते समय उसकी स्कूटी कब्रिस्तान के मोड़ पर गिर गई। इसके बाद वह स्कूटी छोड़कर कब्रिस्तान के अंदर वाली गली में भागने लगा। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर गोली चला दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे कब्रिस्तान के अंदर से पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान 25 वर्षीय अमजद निवासी 20 फुटा रोड, प्रेम नगर, लोनी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया। इसके अलावा एक आईफोन और स्कूटी भी मिली।
पुलिस की जांच में सामने आया कि बरामद स्कूटी दिल्ली के वजीराबाद थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। पुलिस के मुताबिक, अमजद के खिलाफ गाजियाबाद के विभिन्न थानों में 16 मुकदमे दर्ज हैं और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी है। आरोपी के आपराधिक इतिहास और बरामद सामान के संबंध में आगे की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


