शहर-राज्य

PET परीक्षा को लेकर आगरा पुलिस अलर्ट, परीक्षा केंद्रों से लेकर रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड तक कड़ी सुरक्षा

आगरा से ब्यूरो चीफ मयूर खान

आगरा में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को निष्पक्ष, सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आगरा पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था लागू की है। पुलिस कमिश्नर आगरा दीपक कुमार (IPS) के निर्देशन में दो पालियों में आयोजित परीक्षा को लेकर सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ ही प्रमुख मार्गों, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंडों पर भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है।

परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस उपायुक्त यातायात श्रीमती अलका और सहायक पुलिस आयुक्त छत्ता सुश्री श्वेता वर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता को परखा।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ अभ्यर्थियों के आवागमन को सुगम बनाने पर विशेष जोर दिया। पुलिस की ओर से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

PET परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने के मद्देनजर यातायात व्यवस्था पर भी विशेष फोकस किया गया है। प्रमुख मार्गों और परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त संख्या में यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। यातायात पुलिस द्वारा वाहनों के सुचारू संचालन के साथ जरूरत के अनुसार यातायात प्रबंधन किया जा रहा है, जिससे परीक्षा केंद्रों के आसपास जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।

इसके अलावा आगरा रेलवे स्टेशन और बस स्टैंडों पर भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। बाहर से परीक्षा देने आगरा पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने और उनके गंतव्य तक पहुंचने में मदद करने के लिए पुलिसकर्मियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं।

आगरा पुलिस ने सभी ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस की सक्रिय निगरानी और व्यापक सुरक्षा इंतजामों के बीच PET-2026 परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button