शहर-राज्य

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के प्रशिक्षण का शुभारंभ, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को दिया गया दायित्वबोध का संदेश

मथुरा /बलदेव । भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत नगर पंचायत बलदेव एवं गोकुल के प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार से ब्लॉक संसाधन केंद्र, बलदेव पर प्रारंभ हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ उप जिलाधिकारी महावन अश्वनी कुमार ने माँ सरस्वती के छविचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी ने  अपने प्रेरणाप्रद संबोधन में कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना का कार्य नहीं, बल्कि राष्ट्र की भावी विकास योजनाओं के निर्माण का एक महत्त्वपूर्ण आधार है। जनगणना से प्राप्त विश्वसनीय आँकड़े शासन की नीतियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा संसाधनों के समुचित नियोजन में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण को पूर्ण गंभीरता, सजगता एवं जिम्मेदारी के साथ ग्रहण करें तथा जनगणना संबंधी समस्त कार्य निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्षता, पारदर्शिता और शुद्धता के साथ संपन्न करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक से संबंधित जानकारी का सही संकलन अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि आँकड़ों की विश्वसनीयता ही जनगणना की सफलता का मूल आधार है।

उप जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्त्व के कार्य में सभी कार्मिकों की सक्रिय सहभागिता, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा अपेक्षित है। अतः सभी प्रशिक्षार्थी प्रशिक्षण के दौरान प्रत्येक बिंदु को भली-भाँति समझें, ताकि वास्तविक कार्य के समय किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को जनगणना संबंधी प्रक्रियाओं, निर्धारित दिशा-निर्देशों तथा कार्य निष्पादन की आवश्यक बारीकियों से अवगत कराया जाएगा, जिससे जनगणना-2027 का कार्य सुव्यवस्थित, त्रुटिरहित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके।

जनगणना-2027 का यह प्रशिक्षण कार्यक्रम राष्ट्रीय दायित्व के प्रति जागरूकता, प्रशासनिक दक्षता और कर्तव्यनिष्ठा को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण पहल है।

इस अवसर पर सुनील पांडेय, श्याम सुंदर पांडेय, गोकुलेश पांडेय,  मनीष शर्मा, अमित शर्मा, डॉ जगदीश पाठक, सुजीत वर्मा, कपिल कुमार, सुसेंद्र मित्तल, संजय कुमार, लक्ष्मण पांडेय, ओमबीर सिंह आदि की उपस्थिति मुख्य रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button