रिफाइनरी नगर में धूमधाम से मनाया लोक आस्था का छठ महापर्व

कान्हा की नगरी में बिखरी छठ महापर्व की अद्भुत छटा
मथुरा। कान्हा की नगरी अंतर्गत रिफाइनरी नगर में चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ अत्यंत हर्षोल्लास और पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न हो गया। महापर्व के अंतिम दिन व्रतधारियों ने उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देकर अपने 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया। इस दौरान पूरे नगर चौपाल परिसर में भक्तिमय और अद्भुत छटा बिखरी रही। इस चार दिवसीय अनुष्ठान की शुरुआत पहले दिन ‘नहाय-खाए’ के साथ हुई थी। इसके बाद दूसरे दिन रिफाइनरी नगर के कम्युनिटी सेंटर में हजारों की संख्या में पहुंचे भक्तों ने ‘खरना’ का प्रसाद ग्रहण किया। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों ने 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू कर दिया था।
महापर्व के तीसरे दिन सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु नगर चौपाल पर एकत्र हुए, जहां व्रतियों ने पवित्र जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी (डूबते) सूर्यदेव को प्रथम अर्घ्य दिया। इसके बाद अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रत को पूरा किया गया। इस पावन अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच पारंपरिक ‘ठेकुआ’ प्रसाद का वितरण भी किया गया। मथुरा रिफाइनरी के प्रमुख मुकुल अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि छठ महापर्व मुख्य रूप से भगवान सूर्यदेव और प्रकृति की आराधना का पर्व है, जिसे अत्यंत शुद्धता, निष्ठा और अनुशासन के साथ मनाया जाता है। रिफाइनरी नगर में इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में ‘भारतीय सांस्कृतिक समाज ट्रस्ट’ और ‘मथुरा रिफाइनरी छठ पूजा समिति’ ने संयुक्त रूप से अहम भूमिका निभाई। इस दौरान छठ व्रतियों द्वारा गाए गए पारंपरिक और मधुर लोकगीतों ने वहां मौजूद सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।



