जनगणना-2027 और सड़क सुरक्षा पखवाड़े के प्रचार वाहनों को डीएम ने दिखाई हरी झंडी

16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना के जरिए ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे परिवार की जानकारी,
वेलकम इंडिया पीलीभीत
पीलीभीत। जनगणना-2027 के सफल संचालन और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी आलोक कुमार ने गांधी सभागार परिसर से जनगणना-2027 एवं सड़क सुरक्षा पखवाड़े के प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रचार वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को जनगणना में सहभागिता और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करेंगे।इस अवसर पर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक संचालित की जा रही है। इस दौरान जनपदवासी आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से स्वयं और अपने परिवार की आवश्यक जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे।जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे स्व-गणना की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और निर्धारित समयावधि में अपने परिवार की सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का अभियान है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।वहीं, सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत 16 से 30 नवंबर तक जिले में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। प्रचार वाहनों के माध्यम से लोगों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने के प्रति जागरूक किया जाएगा।जिलाधिकारी ने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। वाहन चलाते समय लापरवाही न बरतें और अपनी सुरक्षा के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।कार्यक्रम के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



