शहर-राज्य

मिशन शक्ति के तहत नरसेना पुलिस ने छात्राओं को किया जागरूक

कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

ऊंचागांव.(स्याना) थाना नरसेना पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, ऊंचागांव में छात्राओं को जागरूक किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, महिला अधिकारों और आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की सहायता लेने के तरीकों की जानकारी दी।
पुलिस ने छात्राओं को बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़छाड़ या उत्पीड़न की स्थिति में चुप रहने के बजाय अपने अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को इसकी जानकारी दें। साथ ही सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने, अनजान लोगों से व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए छात्राओं को उनका जरूरत पड़ने पर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिसकर्मियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है।
नरसेना पुलिस ने छात्राओं से किसी भी समस्या या आपात स्थिति में बिना घबराए संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने की अपील की। इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति समझ और आत्मविश्वास बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button