मिलावटी घी’ की फैक्ट्री का भंडाफोड़, खाद्य विभाग का बड़ा छापा।

जहांगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मिलावटी घी के काले कारोबार का भंडाफोड़ किया है। टीम ने क्षेत्र के ग्राम लोहरा में छापा मारकर अवैध रूप से संचालित घी निर्माण करने की फैक्ट्री को पकड़ा। विभाग ने मौके से भारी मात्रा में रिफाइंड, केमिकल और तैयार घी बरामद किया है।खाद्य सुरक्षा विभाग को लंबे समय से इस अवैध कारोबार की सूचना मिल रही थी। पुलिस बल के साथ जब टीम ने ग्राम प्रधान के घर पर दबिश दी, तो वहां का नजारा चौंकाने वाला था। छापे के दौरान मौके से लगभग 60 किलो तैयार घी, 15 किलो रिफाइंड सोयाबीन तेल और 4 बोतल संदिग्ध रसायन (केमिकल) बरामद हुए। भारी मात्रा में खाली रैपर और पैकिंग का सामान भी मिला, जिससे स्पष्ट होता है कि यहां बड़े पैमाने पर मिलावटी घी को असली ब्रांड के रूप में खपाने की तैयारी थी। विभाग ने घी और रिफाइंड के कुल 3 नमूने लेकर लैब जांच के लिए भेजे हैं। छापेमारी के दौरान प्रथम दृष्टया खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 का उल्लंघन पाए जाने पर विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। खाद्य विभाग अदिकारियों ने संचालक का खाद्य पंजीकरण (लाइसेंस) तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया तथा अगले आदेश तक फैक्ट्री को पूरी तरह बंद कर दिया गया है और संदिग्ध सामग्री को सीज कर दिया गया है। अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



