शहर-राज्य

बारिश ने बढ़ाई हसनी हुसैनी नगर की मुसीबत,जलभराव से घरों में घुसा पानी, जिम्मेदारों से राहत की गुहार

वेलकम इंडिया पीलीभीत
पूरनपुर/पीलीभीत। ग्राम पंचायत सिमरिया महाराजपुर के मोहल्ला हसनी हुसैनी नगर में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। लगातार बारिश के बाद मोहल्ले की गलियों और सड़कों पर पानी भर गया। स्थिति इतनी खराब हो गई कि बारिश का पानी लोगों के घरों के भीतर तक पहुंच गया। घरों में पानी घुसने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।मोहल्ले के लोगों का कहना है कि जलनिकासी के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश होते ही पानी सड़कों पर जमा हो जाता है। कई स्थानों पर पानी निकलने का रास्ता नहीं होने से वह धीरे-धीरे घरों की ओर बढ़ जाता है। इस बार जलभराव ने विकराल रूप ले लिया है और कई घरों में पानी प्रवेश कर चुका है।घर के अंदर पानी भरने से लोगों का राशन, कपड़े और अन्य जरूरी सामान खराब होने की स्थिति में है। पानी के बीच खाना पकाना और परिवार के सदस्यों का रहना मुश्किल हो गया है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। गंदा पानी जमा होने से संक्रमण और मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय निवासी रज़वी, बसीम, फ़रमूद, अफरोज, इलियास, बाज़िद, बाराती, अकील, ताहिर, लहिक और चुनने सहित अन्य लोगों ने जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पानी की निकासी नहीं कराई गई तो हालात और गंभीर हो सकते हैं।लोगों ने ग्राम पंचायत और संबंधित अधिकारियों से तत्काल मौके पर पहुंचकर जलनिकासी की व्यवस्था कराने, बंद नालियों की सफाई कराने तथा जमा पानी को बाहर निकलवाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या का स्थायी समाधान किया जाना बेहद जरूरी है, ताकि बारिश के दौरान हर बार मोहल्लेवासियों को इसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button