छात्राओं को मिला सुरक्षा का कवच, आत्मरक्षा का हथियार और अधिकारों की ताकत

मथुरा। थाना गोवर्धन की मिशन शक्ति टीम ने मंगलवार को कस्बा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता अभियान का आयोजन किया। कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति टीम प्रभारी एसआई विनय बौद्ध ने विद्यालय की छात्राओं तथा समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों तथा स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया। छात्राओं को आत्मरक्षा के उपाय, गुड टच-बैड टच की पहचान, महिला अधिकारों तथा महिलाओं व बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों से बचाव संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या अप्रिय घटना की स्थिति में भयभीत हुए बिना तत्काल पुलिस को सूचित करने तथा आवश्यक कानूनी सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
महिला सुरक्षा एवं सहायता हेतु संचालित हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से छात्राओं की सहभागिता से विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं को हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता, उनके कार्य और आवश्यकता पड़ने पर सही तरीके से उपयोग करने की प्रक्रिया बताई गई। इसके अतिरिक्त सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम आदि का सुरक्षित व सतर्कतापूर्वक उपयोग, साइबर अपराधों से बचाव के उपाय तथा यातायात नियमों के पालन संबंधी आवश्यक जानकारी भी प्रदान की गई। उक्त जागरूकता कार्यक्रम में इंस्पेक्टर शिवकुमार दोहरे, उपनिरीक्षक विनय बौद्ध, महिला कांस्टेबल संजना, नेहा, प्रभाकर उपस्थित रहे।




