शहर-राज्य

होटल के कमरे में फंदे पर लटका मिला दिल्ली पुलिस की महिला हेड कांस्टेबल का शव

साहिबाबाद। साहिबाबाद थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर सेक्टर-5 स्थित एक होटल में दिल्ली पुलिस की महिला हेड कांस्टेबल का शव फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और होटल कर्मचारियों की मदद से कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर महिला पुलिसकर्मी का शव फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। मसूरी क्षेत्र की रहने वाली अदिति (30) दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थीं और वर्तमान में उसमानपुर थाने में उनकी तैनाती थी। वह अविवाहित थीं। पुलिस के मुताबिक, शनिवार को अदिति राजेंद्र नगर स्थित होटल पहुंची थीं और रात में वहीं ठहरी थीं। रविवार को होटल कर्मचारियों को अदिति के कमरे से कोई आवाज नहीं सुनाई दी। काफी प्रयास के बाद भी जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो कर्मचारियों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। होटल कर्मचारियों की मौजूदगी में दूसरी चाबी से कमरे का दरवाजा खोला गया। कमरे के अंदर अदिति का शव चुन्नी के सहारे फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने तत्काल मामले की जानकारी उनके स्वजन को दी। स्वजन के पहुंचने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद होटल परिसर में भी अफरा-तफरी का माहौल रहा।
एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की पुष्टि हुई है। प्रारंभिक जांच में घरेलू परेशानी के चलते महिला पुलिसकर्मी द्वारा यह कदम उठाए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि अदिति के होटल पहुंचने से लेकर घटना के सामने आने तक की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि होटल में उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति आया था या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। यदि स्वजन की ओर से कोई तहरीर दी जाती है तो उसके आधार पर भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button