स्वनिधि महोत्सव में लाभार्थियों को वितरित किए गए ऋण स्वीकृति पत्र व प्रमाणपत्र

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
सिद्धार्थनगर। प्रधानमंत्री स्वनिधि (पीएम स्वनिधि) योजना के छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर में स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्ट्रीट वेंडरों को योजना की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र एवं प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
अधिशासी अधिकारी अजय कुमार सिंह ने कहा कि योजना के तहत समय पर ऋण चुकाने वाले स्ट्रीट वेंडरों को चरणबद्ध तरीके से अधिक ऋण की सुविधा प्रदान की जाती है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में 15 हजार रुपये, द्वितीय चरण में 25 हजार रुपये तथा तृतीय चरण में 50 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने लाभार्थियों से समय पर ऋण अदायगी करने तथा योजना का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में नगर को स्वच्छ बनाए रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और जल संरक्षण में सहयोग करने का भी आह्वान किया गया। महोत्सव के दौरान डिजिटल भुगतान, वित्तीय साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम तथा उत्कृष्ट स्ट्रीट वेंडरों का सम्मान भी किया गया। इस अवसर पर शहर मिशन प्रबंधक रामसजीवन, सामुदायिक आयोजक विकास कुमार चौरसिया, नगर पालिका के सभासद तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



