सांप के काटने से सात वर्षीय बच्ची की मौत, परिवार में मचा कोहराम

स्याना। खानपुर थाना क्षेत्र के गांव अमरपुर में बुधवार दोपहर सांप के काटने से सात वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार गांव अमरपुर निवासी किरण पाल की सात वर्षीय बेटी राधिका बुधवार दोपहर घर के पास मौजूद थी। इसी दौरान जहरीले सांप ने उसे डस लिया। बच्ची के चीखने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मां और दादी का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार सांप निकलने की घटनाओं से लोगों में भय बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलने पर खानपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की तैयारी शुरू कर दी। हालांकि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया। पुलिस और परिजनों के बीच काफी देर तक बातचीत होती रही। स्थिति तनावपूर्ण होने पर नरसेना पुलिस को भी मौके पर बुलाना पड़ा।
खानपुर थाना प्रभारी रितेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया बच्ची की मौत सांप के डसने से हुई है, लेकिन परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
बताया गया कि राधिका के पिता की करीब छह माह पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। अब परिवार में उसकी मां और दादी ही हैं। मासूम की मौत से गांव में गम का माहौल है। इस गम के माहौल में जिला पंचायत प्रतिनिधि राफे खान और प्रदीप गौतम विधान सभा अध्यक्ष स्याना बसपा भी मौजूद रहे



