ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में केमिस्टों ने बंद रखीं दुकानें, प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन

असदुल्लाह सिद्दीकी
सिद्धार्थनगर। ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में मंगलवार को दवा विक्रेता समिति सिद्धार्थनगर के आह्वान पर जिले भर के केमिस्टों ने एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल कर दवा दुकानों को बंद रखा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजकर ऑनलाइन दवा बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि इंटरनेट के माध्यम से बिना वैध चिकित्सकीय परामर्श के दवाओं की बिक्री, घर-घर दवा वितरण और अत्यधिक छूट देकर बिक्री किए जाने से जनस्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है। समिति पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन कंपनियां ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट 1940 एवं नियम 1945 के स्पष्ट प्रावधानों के अभाव का लाभ उठाकर लंबे समय से दवा बिक्री कर रही हैं, जिससे छोटे केमिस्ट एवं दवा व्यापारियों के अस्तित्व पर संकट गहरा रहा है। समिति ने मांग की कि अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए, बिना पंजीकरण के दवा वितरण प्रतिबंधित किया जाए तथा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म द्वारा दी जा रही अत्यधिक छूट और प्रिडेटरी प्राइसिंग नीति पर कार्रवाई की जाए।
दवा विक्रेता संघ सिद्धार्थनगर के जिलाध्यक्ष मोहम्मद जमील सिद्दीकी ने कहा कि यह एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल केवल सिद्धार्थनगर जिले तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे प्रदेश में दवा व्यापारियों द्वारा एकजुट होकर की जा रही है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री से स्थानीय दवा व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है और मरीजों की सुरक्षा भी प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि कोविड महामारी जैसे कठिन समय में स्थानीय दवा व्यापारियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों तक दवाएं पहुंचाईं और स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाए रखा। ऐसे में सरकार को जनहित और मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन दवा बिक्री पर जल्द ठोस निर्णय लेना चाहिए।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष मोहम्मद जमील सिद्दीकी,जिला महा सचिव मनोज कुमार जायसवाल, नगर अध्यक्ष सिद्धार्थ नगर अनिरुद्ध राय, नगर महासचिव मोज़िबुल्लाह,मुजीब ,मुर्तजा खान नगर सचिव , संघ के सदस्य अशफाकुल्लाह , नगर कोष अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



