ग़ाज़ियाबाद

लोनी बाजार में बढ़ी भीड़, लेकिन सुविधाएं नदारद-आबादी बढ़ी, बाजार फैला लेकिन मूलभूत सुविधाओं का नहीं हुआ विस्तार

गाजियाबाद। आबादी बढऩे के साथ लोनी बाजार का दायरा तो लगातार बढ़ता गया, लेकिन बुनियादी सुविधाओं का विकास उसी गति से नहीं हो सका। बाजार में पेयजल, शौचालय और पार्किंग जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं के अभाव से व्यापारी ही नहीं बल्कि ग्राहक भी रोजाना परेशानी झेलने को मजबूर हैं। स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि कई बार मांग उठाने के बावजूद बाजार को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। लोनी बाजार क्षेत्र गाजियाबाद और दिल्ली को जोड़ने वाला प्रमुख व्यापारिक केंद्र बन चुका है। बाजार के पास से गाजियाबाद के लिए रोडवेज बसों का संचालन होता है, जबकि बड़ी संख्या में ऑटो और ई-रिक्शा भी रोजाना दिल्ली व गाजियाबाद के लिए चलते हैं। परिवहन साधनों की अधिकता और पार्किंग व्यवस्था न होने के कारण बाजार क्षेत्र में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। हालात ऐसे हो जाते हैं कि लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। सड़क किनारे लगने वाली रेहड़ी-ठेलियां समस्या को और गंभीर बना देती हैं। लोनी तिराहा, दिल्ली-सहारनपुर मार्ग और गाजियाबाद रोड के दोनों ओर छोटी-बड़ी दुकानों व ठेलियों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। ब्लॉक क्षेत्र की 22 ग्राम पंचायतों समेत लोनी शहर और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग रोजाना खरीदारी के लिए यहां पहुंचते हैं, लेकिन इतने बड़े बाजार में पेयजल और पिंक शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं। बाजार स्थित तिराहा मंदिर के पास लगाया गया वाटर एटीएम लंबे समय से बंद पड़ा है, जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए बोतलबंद पानी खरीदने पर निर्भर रहना पड़ रहा है। वहीं महिलाओं के लिए बनाया गया पिंक शौचालय बाजार से काफी दूरी पर होने के कारण उपयोगी साबित नहीं हो पा रहा है। व्यापारियों का कहना है कि यदि बाजार में स्थायी वाहन स्टैंड, पार्किंग और पेयजल की समुचित व्यवस्था कर दी जाए तो जाम की समस्या कम होगी और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। तहसीलदार लोनी डॉ. अरुण अग्रवाल ने बताया कि बाजार की समस्याएं प्रशासन के संज्ञान में आई हैं। पार्किंग व्यवस्था विकसित करने के लिए लोनी नगर पालिका को उपयुक्त जमीन चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बाजार क्षेत्र में पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कराई जा रही है, ताकि जनता को जल्द राहत मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button