ग़ाज़ियाबाद

फ्लाईओवर पर डिवाइडर से टकराने से युवती की मौत, युवक गंभीर घायल

गाजियाबाद। मसूरी थाना क्षेत्र में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्पोर्ट्स बाइक सवार युवती की मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित हुई बाइक फ्लाईओवर पर डिवाइडर से टकरा गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने युवती को मृत घोषित कर दिया।
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि रविवार सुबह करीब चार बजे पुलिस को सूचना मिली कि आईएमएस कॉलेज के सामने स्थित फ्लाईओवर पर बाइक सवार युवक और युवती दुर्घटनाग्रस्त होकर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो युवती के सिर में गंभीर चोट लगी थी, जबकि युवक की कमर में चोट आई थी। पुलिस ने तुरंत दोनों को अस्पताल भिजवाया। युवती को मणिपाल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल युवक को जिला संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस जांच में मृतका की पहचान ईकरा (19) पुत्री राहिल तथा घायल युवक की पहचान हाशिम (20) पुत्र कमरूद्दीन निवासी इ$कबाल कॉलोनी, पसौंडा साहिबाबाद के रूप में हुई है। दोनों एक ही मोहल्ले के रहने वाले और पड़ोसी बताए जा रहे हैं। पड़ोसियों के अनुसार युवती शनिवार सुबह करीब 11 बजे बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी। देर शाम तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। रविवार तड़के पुलिस से हादसे की सूचना मिलने पर परिवार को घटना का पता चला। एसीपी के अनुसार प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि स्पोर्ट्स बाइक तेज गति से चलाई जा रही थी और युवक-युवती दोनों ने हेलमेट भी नहीं पहन रखा था। तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे युवती के सिर में गंभीर चोट आई और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मेडिकल परीक्षण के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारण स्पष्ट होंगे। फिलहाल इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button