ग़ाज़ियाबाद

प्रताप विहार में 4.70 करोड़ रुपये की परियोजना से डिवाइडर, सेंट्रल वर्ज और चौराहों का होगा आधुनिक विकास

गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा रविवार को विकसित प्रताप विहार योजना के अंतर्गत डीपीएस चौराहे से लीलावती चौक तक प्रस्तावित सौंदर्यीकरण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस महत्वपूर्ण परियोजना का उद्घाटन महापौर सुनीता दयाल, शहर विधायक संजीव शर्मा तथा जीडीए के उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। परियोजना के तहत डीपीएस चौराहे से लीलावती चौक तक सड़क के दोनों ओर स्थित डिवाइडरों, सेंट्रल वर्ज और प्रमुख चौराहों का समग्र विकास किया जाएगा। सौंदर्यीकरण योजना में चयनित स्थानों पर आकर्षक पत्थर संरचनाएं स्थापित की जाएंगी। इनमें एक स्थान पर मशाल आधारित थीम विकसित की जाएगी, जबकि अन्य स्थानों पर विशेष डिजाइनयुक्त पत्थर की कलात्मक आकृतियां तैयार की जाएंगी। इससे क्षेत्र की दृश्यात्मक सुंदरता में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है। करीब 4.70 करोड़ रुपये की लागत से संचालित इस परियोजना में फुटपाथों को मजबूत बनाया जाएगा, सेंट्रल वर्ज का पुनर्विकास किया जाएगा तथा आधुनिक लैंडस्केपिंग कार्य भी किए जाएंगे। परियोजना पूर्ण होने के बाद क्षेत्र अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और आकर्षक दिखाई देगा। साथ ही स्थानीय नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
शहर विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि क्षेत्र का प्रत्येक इलाका स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बने, यही उनका लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि प्रताप विहार सहित पूरे विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है, जिससे नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार हो सके। उन्होंने कहा कि सुनियोजित विकास ही आधुनिक शहर की पहचान होता है। महापौर सुनीता दयाल ने अपने संबोधन में कहा कि नगर के समग्र विकास के लिए सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना नगर निगम की प्राथमिकता है। इस प्रकार की परियोजनाएं शहर की छवि को बेहतर बनाती हैं और नागरिकों को स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण प्रदान करती हैं। जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने कहा कि शहर के सुनियोजित और आधुनिक विकास के लिए प्राधिकरण लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि सौंदर्यीकरण परियोजनाएं न केवल शहर को आकर्षक बनाती हैं बल्कि नागरिक सुविधाओं के विस्तार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। मीडिया प्रभारी अजय चोपड़ा ने कहा कि यह परियोजना प्रताप विहार क्षेत्र के नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे क्षेत्र की सुंदरता में वृद्धि होगी और विकास की नई पहचान स्थापित होगी। ऐसे कार्यों से जनता में सकारात्मक संदेश जाता है और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलती है। शिलान्यास समारोह में जीडीए सचिव विवेक मिश्र, सहायक अभियंता योगेश पटेल, शहर मंडल अध्यक्ष महिम गुप्ता, प्रताप विहार मंडल अध्यक्ष हेमराज माहौर, विजयनगर मंडल अध्यक्ष पवन शर्मा, चेयरमैन संदीप पाल, पार्षद पूनम सिंह, पार्षद गोपाल सिसोदिया, पार्षद देवनारायण शर्मा, पार्षद सुनील यादव, पार्षद भगवत गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि परियोजना पूर्ण होने के बाद प्रताप विहार क्षेत्र की पहचान एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और आकर्षक शहरी क्षेत्र के रूप में स्थापित होगी तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button