फास्ट फूड की दुकान में सिलेंडर से लगी आग, मकान और सामान जलकर राख

संतकबीरनगर। थाना कोतवाली खलीलाबाद के डीघा बाईपास ओवरब्रिज के समीप बुधवार को फास्ट फूड की दुकान में खाना बनाते समय करीब 5 बजे सिलेंडर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान समेत मकान को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में मकान और दुकान के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बताया गया कि विजय कुमार, अजय कुमार व संजय कुमार पुत्र तुलसी प्रसाद निवासी महुली डीहवा, संतकबीरनगर के मकान को करीब दो वर्ष पूर्व किराने की दुकान संचालित करने के लिए कौशल कुमार मौर्य पुत्र स्वर्गीय राधेश्याम मौर्य निवासी बेलवानिया, खलीलाबाद ने किराए पर लिया था। बाद में किराने की दुकान को फास्ट फूड सेंटर में परिवर्तित कर दिया गया। बुधवार को फास्ट फूड तैयार करते समय सिलेंडर में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण मकान और दुकान को काफी नुकसान हुआ। दुकान के अंदर रखा फ्रीजर, किचन से संबंधित सामान समेत अन्य सामग्री जलकर राख हो गई। बताया गया कि एक पांच किलोग्राम का सिलेंडर और एक घरेलू गैस सिलेंडर भी आग की चपेट में आकर जल गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की एक बड़ी और एक छोटी गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से आसपास के मकानों और दुकानों तक आग फैलने से बच गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।



